इंदौर में ‘मेलोडी पॉलिटिक्स’ के बीच हाजमोला की एंट्री,: बीजेपी विधायक ने राहुल गांधी को भेजा पार्सल, मेंदोला के ट्वीट से गरमाई सियासत
Published:
3 min read

AI जनरेटेड फोटो।
इंदौर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा इटली की पीएम जॉर्जिया मेलोनी को मेलोडी टॉफी गिफ्ट किए जाने के बाद से देशभर में मेलोडी पॉलिटिक्स चर्चा का विषय बनी हुई है। इसी बीच अब भाजपा विधायक रमेश मेंदोला ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी को लेकर नया राजनीतिक तंज कसा है। विधायक मेंदोला ने राहुल गांधी के लिए हाजमोला का डिब्बा भेजने की बात सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर साझा की, जिसके बाद यह मामला राजनीतिक गलियारों से लेकर सोशल मीडिया तक चर्चा का केंद्र बन गया है।
सोशल मीडिया पर किया पोस्ट
विधायक रमेश मेंदोला ने अपने आधिकारिक एक्स (X) अकाउंट पर पोस्ट करते हुए लिखा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हाल ही में इटली की प्रधानमंत्री को मेड इन इंडिया मेलोडी चॉकलेट भेंट की थी। इसके बाद मेलोडी चॉकलेट अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चर्चा में आ गई। मेंदोला ने इसी मुद्दे को लेकर कांग्रेस और राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि शायद यह उपलब्धि उन्हें हजम नहीं हो रही है, इसलिए उनके लिए हाजमोला मंगवाई गई है।
राजनीतिक बयानबाजी ने पकड़ा तूल
मेंदोला के इस पोस्ट (ट्वीट) के बाद राजनीतिक प्रतिक्रियाओं का दौर शुरू हो गया। भाजपा समर्थकों ने इसे राजनीतिक व्यंग्य बताया, जबकि कांग्रेस समर्थकों ने इसे मुद्दों से ध्यान भटकाने की कोशिश करार दिया। सोशल मीडिया पर भी यूजर्स इस पोस्ट को लेकर तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं। कुछ लोग इसे हास्यपूर्ण राजनीतिक कटाक्ष बता रहे हैं, तो कुछ इसे अनावश्यक बयानबाजी मान रहे हैं।
मेलोडी से हाजमोला तक पहुंची सियासत
दरअसल, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हाल ही में इटली के दौरे पर गए थे। जहां, उन्होंने इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी से मुलाकात की थी। इस मुलाकात के दौरान पीएम मोगी ने उन्हें उपहार के तौर पर देश में बनने वाली मेलोडी टॉफी भेंट की थी। इस मुलाकात का वीडियो भी सोशल मीडिया पर शेयर किया था। वीडियो वायरल होने के बाद से यह टॉफी सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बनी हुई है। इसी मुद्दे को लेकर देश में राजनीतिक बयानबाजी हो रही है। कांग्रेस सहित पूरा विपक्ष मेलोडी पॉलिटिक्स को लेकर पीएम पर हमलावार है। वहीं हाजमोला की एंट्री ने इस बहस को और दिलचस्प बना दिया है। आने वाले दिनों में इस मुद्दे पर कांग्रेस की ओर से प्रतिक्रिया आने की भी संभावना जताई जा रही है।
सोशल मीडिया पर छिड़ी बहस
विधायक मेंदोला की पोस्ट के वायरल होने के बाद सोशल मीडिया पर मेलोडी और हाजमोला को लेकर मीम्स और टिप्पणियों की बाढ़ आ गई है। राजनीतिक तंज के इस नए अंदाज ने एक बार फिर यह साबित कर दिया है कि आज के दौर में सोशल मीडिया राजनीति का बड़ा मंच बन चुका है, जहां छोटी-सी टिप्पणी भी बड़ी बहस का कारण बन जाती है।

सोशल मीडिया पर छिड़ा वार
मेंदोला ने दावा किया कि हाजमोला का पार्सल कांग्रेस मुख्यालय पहुंच जाएगा और उम्मीद जताई कि इससे कांग्रेस नेताओं को देश की उपलब्धियां पचाने की ताकत मिलेगी। विधायक का यह पोस्ट अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। समर्थक और विरोधी दोनों ही इस पर अपनी-अपनी प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं। राजनीतिक जानकार इसे चुनावी माहौल के बीच बयानबाजी और सोशल मीडिया वार का नया तरीका मान रहे हैं।

