सर्दी बढ़ते ही बढ़ जाता है हार्ट अटैक और स्ट्रोक का खतरा: हर एक संकेत है अहम; ग्वालियर के कार्डियोलॉजिस्ट की ये सलाह बचा सकती है जान
Published:
2 min read

ठंड के मौसम में सुबह की सैर पर निकलते लोग, AI फोटो।
ग्वालियर। मौसम में ठंडक बढ़ने के साथ ही हृदय रोगियों को अपनी सेहत को लेकर विशेष सतर्कता बरतने की जरूरत है। हृदय रोग विशेषज्ञों के अनुसार, पहले से दिल की बीमारी, हाई ब्लड प्रेशर और डायबिटीज से पीड़ित लोगों के लिए सर्दियों का मौसम चुनौतीपूर्ण हो सकता है। ऐसे में नियमित जांच, समय पर दवाएं और दिनचर्या में सावधानी बरतना बेहद जरूरी है।
डॉक्टरों के मुताबिक, तापमान में गिरावट आने पर शरीर की रक्तवाहिनियां सिकुड़ सकती हैं, जिससे ब्लड प्रेशर बढ़ने और हृदय पर अतिरिक्त दबाव पड़ने की आशंका रहती है। इससे खासकर पहले से हृदय रोग से पीड़ित लोगों में हार्ट अटैक और स्ट्रोक का जोखिम बढ़ सकता है। इसके अलावा, सर्दियों में शारीरिक गतिविधियां कम होना और खानपान में लापरवाही भी सेहत पर असर डाल सकती है।
हृदय रोगी इन बातों का रखें ध्यान
- ठंड से बचने के लिए पर्याप्त गर्म कपड़े पहनें।
- तले-भुने और अधिक वसा वाले खाद्य पदार्थों का सेवन सीमित रखें।
- नियमित रूप से ब्लड प्रेशर की जांच कराएं और निर्धारित दवाएं समय पर लें।
- अत्यधिक ठंड में सुबह जल्दी बाहर निकलने से बचें। मौसम अनुकूल होने पर ही टहलने जाएं।
- अपनी क्षमता और चिकित्सकीय सलाह के अनुसार हल्का व्यायाम करें।
- सीने में दर्द, सांस लेने में परेशानी या अचानक चक्कर आने पर तत्काल चिकित्सा सहायता लें।
डॉक्टरों की सलाह: लक्षणों को नजरअंदाज न करें
डॉ. राम रावत, डीएम कार्डियोलॉजी, जीआरएमसी के अनुसार, सर्दियों में हृदय रोगियों को अपने डॉक्टर के संपर्क में रहना चाहिए। सीने में दर्द, सांस लेने में तकलीफ और असामान्य थकान जैसे लक्षणों को नजरअंदाज नहीं करना चाहिए। नियमित रूप से दवाएं लेना और चिकित्सकीय सलाह का पालन करना बेहद जरूरी है।
वहीं, डॉ. गौरव कवि भार्गव, डीएम कार्डियोलॉजी, जीआरएमसी के अनुसार, बुजुर्गों को अत्यधिक ठंड के दौरान सुबह जल्दी टहलने से बचना चाहिए। धूप निकलने और मौसम अनुकूल होने के बाद ही बाहर निकलना बेहतर है। घर के अंदर हल्का व्यायाम किया जा सकता है। ब्लड प्रेशर के मरीज नियमित रूप से दवाएं लें और सेहत में किसी भी असामान्य बदलाव पर डॉक्टर से परामर्श करें।
ये भी पढ़ें- MP कैबिनेट के बड़े फैसले : EOW के लिए 345 करोड़ मंजूर, 2 सूखा प्रभावित जिलों के किसानों को मिलेगी राहत

