ग्वालियर बस स्टैंड से गायब ढाई माह की बच्ची 8 घंटे बाद सकुशल बरामद: CCTV से मिला सुराग, पिता का दोस्त लेकर भागा था, पुलिस तलाश में जुटी
Published:
3 min read

ग्वालियर बस स्टैंड से गायब ढाई माह की बच्ची 8 घंटे बाद सकुशल बरामद
ग्वालियर। मुख्य बस स्टैंड से अगवा की गई ढाई माह की बच्ची को पड़ाव थाना पुलिस ने करीब 8 घंटे की तलाश के बाद सकुशल बरामद कर लिया। बच्ची के मिलने पर उसकी मां भावुक हो गई और रोते हुए पुलिसकर्मियों का शुक्रिया अदा किया। महिला ने कहा कि पुलिस की मदद से उसकी बच्ची वापस मिल सकी। बच्ची पूरी तरह स्वस्थ है, जबकि अपहरण का आरोपी अभी फरार है। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है।
मजदूरी की तलाश में आया परिवार, पति का दोस्त ढाई माह की बच्ची को उठाकर फरार
दरअसल, टीकमगढ़ जिले की रहने वाली राधा अहिरवार तीन दिन पहले अपने पति हरिश्चंद्र और दो बच्चों के साथ मजदूरी की तलाश में ग्वालियर आई थी। रहने के लिए कोई ठिकाना नहीं होने के कारण परिवार मुख्य बस स्टैंड के चबूतरे पर ही रह रहा था। रविवार रात राधा अपनी दोनों बच्चियों को सुलाकर टॉयलेट के लिए चली गई थी इसी दौरान उसके पति के दोस्त का साथी ढाई माह की बच्ची पूजा को उठाकर फरार हो गया। वापस लौटने पर राधा को बच्ची गायब मिली तो उसने शोर मचाया और देर रात बस स्टैंड चौकी पर पुलिस को सूचना दी। घटना की गंभीरता को देखते हुए पड़ाव थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और शहर में नाकाबंदी कर बच्ची की तलाश शुरू कर दी।
ASP के निर्देशन में सर्च टीम गठित की गई
ASP जयराज कुबेर के निर्देशन में CSP और क्राइम ब्रांच समेत पुलिस की कई टीमें गठित की गईं। पुलिस ने बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन, मेला ग्राउंड और आसपास के इलाकों में सर्च ऑपरेशन चलाया। इस दौरान CCTV फुटेज में एक युवक बच्ची को गोद में लेकर जाता दिखाई दिया। फुटेज के आधार पर पुलिस ने संदिग्ध की तलाश तेज कर दी। करीब 7 से 8 घंटे की मशक्कत के बाद सोमवार सुबह 5 बजे बच्ची को सकुशल बरामद कर लिया गया।
बच्ची वापस मिलने पर रोते हुए पुलिसकर्मियों को किया धन्यवाद, आरोपी की तलाश जारी
इस बीच बच्ची के माता-पिता घबराकर ग्वालियर से चले गए थे। पुलिस ने उन्हें वापस बुलाया और बच्ची को उनके सुपुर्द कर दिया। बच्ची के वापस मिलने पर मां अपने आंसू नहीं रोक सकी। उसने रोते हुए पुलिसकर्मियों का आभार जताया और कहा कि पुलिस की मदद से उसे अपनी बच्ची वापस मिल गई। फिलहाल पुलिस फरार आरोपी की तलाश कर रही है।
राधा अहिरवार, बच्ची की मां
रॉबिन जैन, सीएसपी, ग्वालियर

