गुना में 1 किलो से ज्यादा गांजे के साथ तस्कर गिरफ्तार: पुड़िया बनाकर बेचने की थी तैयारी, बाइक समेत 90 हजार का सामान जब्त; केस दर्ज
Published:
2 min read

गुना के मधुसूदनगढ़ में पुलिस ने 1 किलो 323 ग्राम गांजे के साथ बाइक सवार को गिरफ्तार किया।
गुना। जिले में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए मधुसूदनगढ़ थाना पुलिस ने एक बाइक सवार को 1 किलो 323 ग्राम गांजे के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से गांजा और तस्करी में इस्तेमाल मोटरसाइकिल जब्त की है। जब्त मशरूके की कुल कीमत करीब 90 हजार रुपए बताई गई है।
चेकिंग के दौरान घेराबंदी कर पकड़ा
पुलिस के मुताबिक, 4 नवंबर को मधुसूदनगढ़ थाना पुलिस की टीम लटेरी बायपास स्थित वेयरहाउस के पास वाहन चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान उकावद की ओर से काले रंग की हीरो स्प्लेंडर पर आ रहे एक व्यक्ति को पुलिस ने रोकने का प्रयास किया। पुलिस को देखकर बाइक सवार ने वाहन मोड़कर भागने की कोशिश की, लेकिन टीम ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया।
थैले से 1.323 किलो गांजा जब्त
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम बहादुर पुत्र लक्ष्मीनारायण रजक (30), निवासी ग्राम बड़ा आमल्या, थाना राघौगढ़ बताया। बाइक पर टंगे थैले की तलाशी लेने पर उसमें से 1 किलो 323 ग्राम गांजा बरामद हुआ।
पुड़िया बनाकर बेचने की थी तैयारी
पुलिस के अनुसार, पूछताछ में बहादुर ने बताया कि वह गांजा ग्राम उकावद निवासी लेखराज पुत्र केशरी सिंह लोधी से खरीदकर लाया था। वह इसकी छोटी-छोटी पुड़िया बनाकर फुटकर में बेचता था। पुलिस ने करीब 20 हजार रुपए का गांजा और 70 हजार रुपए कीमत की मोटरसाइकिल जब्त की है। इस तरह कुल 90 हजार रुपए का मशरूका जब्त किया गया।
सप्लाई करने वाले पर भी केस
पुलिस ने बहादुर रजक को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि गांजा सप्लाई करने के आरोप में लेखराज लोधी को भी मामले में नामजद किया है। दोनों के खिलाफ अपराध क्रमांक 175/26 के तहत NDPS एक्ट की धारा 8/20 और 29 में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस अब तस्करी से जुड़े अन्य लोगों और नेटवर्क की जानकारी जुटा रही है।

