इंजीनियर बना फर्जी टीटी: प्रेमिका से शादी के लिए यात्रियों को फेक टिकट बेचे, ऐसे हुआ पर्दाफाश?
Published:
2 min read

प्रेमिका से शादी करने के लिए फर्जी TTE बना आदर्श जायसवाल।
वाराणसी रेलवे पुलिस ने एक बीटेक इंजीनियर को फर्जी टिकट बेचने के आरोप में गिरफ्तार किया है। आरोपी ट्रेन में यात्रियों को फर्जी टिकट बेच रहा था। पुलिस ने आरोपी के पास से ईस्ट सेंट्रल रेलवे का एक फर्जी आईडी कार्ड और TTE का एप्रन बरामद किया है। आरोपी का नाम आदर्श जायसवाल है। वह मध्यप्रदेश के रीवा जिले के अत्रैला का रहने वाला है। उसके खिलाफ पहले भी फ्राड की कई शिकायत हुई हैं।
अधिकारियों का कहना है कि आरोपी आदर्श जायसवाल बीटेक ग्रेजुएट है। उसके पास जॉब नहीं है। इसलिए वह अपनी प्रेमिका से शादी करने के लिए फर्जी TTE बन गया।
कैफे से बनवाए फर्जी टिकट
वाराणसी GRP इंस्पेक्टर राहुल नागर ने बताया कि वह किसी लड़की से प्यार करता है लेकिन अच्छी नौकरी नहीं मिलने पर लड़की के माता-पिता ने शादी से इंकार कर दिया। इसलिए उसने यह कदम उठाया। राहुल नागर ने बताया- आरोपी ने मार्च में अपने गांव के साइबर कैफे से फर्जी आईडी बनवाई थी। इसके साथ ही उसने फर्जी ट्रेन टिकट भी बनवाकर यात्रियों को बेचे थे।
कैसे पकड़ा फर्जी TTE ?
GRP इंस्पेक्टर ने कहा कि आरोपी ने जनता एक्सप्रेस (वाराणसी से लक्सर) ट्रेन का एक फेक टिकट B-3 ज्योति किरण और गुनगुन नाम की महिला को बेचा था। दूसरे दिन जब ज्योति स्टेशन पहुंची तो, वहां ट्रेन में M-2 कोच मिला जबकि टिकट B-2 कोच की थी। ज्योति के भाई ने रेलवे स्टाफ से इस बारे में शिकायत की।
कई यात्रियों को बेचे फर्जी टिकट
इसी तरह आरोपी आदर्श जायसवाल ने दिनेश यादव नाम के व्यक्ति का ई टिकट मुंबई के लिए बुक किया था। यात्री को टिकट में दी गई ट्रेन की जानकारी पर संदेह हुआ। इस दौरान दोनों के बीच बहस भी हुई। नागर ने कहा कि उसने फेक टिकट बनाकर लोगों को गुमराह किया है। आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज किया है। मामले की जांच की जा रही है।

