धार में स्कूल से लौट रहे 3 छात्रों को ट्राले ने कुचला : 2 सगे भाईयों सहित तीन की मौत, भीड़ जुटने से लगा जाम; CCTV खंगाल रही पुलिस
Published:
3 min read

ट्राले ने स्कूल से लौट रहे 3 बाइक सवार छात्रों को कुचला, फाइल फोटो।
धार। जिले की औद्योगिक नगरी पीथमपुर में एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा हो गया। महू-नीमच हाइवे पर स्थित महिंद्रा ब्रिज के ऊपर तेज रफ्तार ट्राले ने बाइक सवार तीन स्कूली छात्रों को कुचल दिया। हादसा इतना भीषण था कि तीनों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। मरने वालों में दो सगे भाई शामिल हैं।
स्कूल से लौट रहे थे तीनों छात्र
प्राप्त जानकारी के अनुसार, तीनों छात्र दिनभर की पढ़ाई के बाद स्कूल से अपने घर लौट रहे थे। तीनों एक ही बाइक पर सवार थे और पीथमपुर से महू की ओर जा रहे थे। जैसे ही उनकी बाइक महू-नीमच रोड पर महिंद्रा ब्रिज के ऊपर पहुंची, पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्राले ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही तीनों छात्र बाइक सहित सड़क पर गिर गए और ट्राला उन्हें कुचलते हुए निकल गया।
मौके पर ही तोड़ा दम
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसा इतना भयानक था कि तीनों छात्रों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई और महू-नीमच रोड पर जाम की स्थिति बन गई। राहगीरों ने तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी।
दो सगे भाइयों की मौत से गांव में मातम
इस हादसे में जिन तीन छात्रों की मौत हुई है उनमें दो सगे भाई बताए जा रहे हैं। एक ही परिवार के दो बच्चों की मौत की खबर मिलते ही परिवार और गांव में मातम पसर गया। तीसरा छात्र भी उन्हीं के साथ पढ़ता था। फिलहाल मृतकों की पहचान की प्रक्रिया जारी है।
ट्राला चालक फरार, पुलिस तलाश में जुटी
हादसे के बाद ट्राला चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया। सूचना मिलते ही पीथमपुर थाना प्रभारी सुनील शर्मा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। थाना प्रभारी ने बताया कि महिंद्रा ब्रिज पर ट्राले की टक्कर से तीन छात्रों की मौत हुई है। अज्ञात ट्राला चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर तलाश शुरू कर दी गई है। आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।
लगातार हो रहे हादसे, सुरक्षा पर सवाल
गौरतलब है कि महू-नीमच रोड पर भारी वाहनों की आवाजाही अधिक रहती है और आए दिन तेज रफ्तार के कारण हादसे होते रहते हैं। स्थानीय लोगों ने इस मार्ग पर स्पीड ब्रेकर और ट्रैफिक पुलिस की तैनाती की मांग की है ताकि भविष्य में ऐसे हादसों को रोका जा सके।
ये भी पढ़ें- अनूपपुर में ट्रैक्टर से गिरकर युवक की मौत: दुर्गा प्रतिमा विसर्जन से लौटते समय शुभम पर चढ़ा ट्रॉली का पहिया
सुनील शर्मा थाना प्रभारी,

