धार के धरमपुरी कन्या छात्रावास में MP स्थापना दिवस पर बवाल: प्रभारी CDPO पर अधीक्षिका व छात्राओं से मारपीट का आरोप; थाने में शिकायत
Published:
2 min read

धार में मध्यप्रदेश स्थापना दिवस पर कन्या छात्रावास की अधीशिक्षा और छात्राओं से मारपीट
धार। धरमपुरी स्थित आदिम जाति जूनियर कन्या छात्रावास में मध्यप्रदेश स्थापना दिवस के दौरान हंगामे का मामला सामने आया है। जहां पर छात्रावास की अधीक्षिका और महिला बाल विकास विभाग की प्रभारी CDPO के बीच विवाद के बाद मारपीट के आरोप लगे हैं। छात्रावास में मौजूद छात्राओं के साथ भी मारपीट किए जाने का आरोप है। इसके बाद शिकायत लेकर अधीक्षिका और छात्राएं धरमपुरी थाने पहुंचीं, जिसके बाद पुलिस ने मामले में जांच और कार्रवाई शुरू कर दी है।
स्थापना दिवस पर रंगोली बना रही थीं छात्राएं
जानकारी के मुताबिक, मध्यप्रदेश स्थापना दिवस के अवसर पर छात्रावास की छात्राएं और अधीक्षिका परिसर में रंगोली बना रही थीं। इसी दौरान महिला बाल विकास विभाग की प्रभारी CDPO राजकुमारी ठाकुर छात्रावास पहुंचीं। यहां अधीक्षिका कला चौहान से किसी बात को लेकर विवाद शुरू हो गया। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और मारपीट होने लगी।
अधीक्षिका और छात्राओं से मारपीट का आरोप
छात्रावास अधीक्षिका कला चौहान का आरोप है कि प्रभारी CDPO राजकुमारी ठाकुर ने उनके साथ मारपीट की। इस दौरान छात्रावास में मौजूद बालिकाओं के साथ भी मारपीट किए जाने का आरोप लगाया गया है। घटना के बाद छात्रावास परिसर में हंगामे की स्थिति बन गई। वहीं, छात्रावास पर पत्थर फेंके जाने की बात भी सामने आई है।
शिकायत लेकर थाने पहुंचीं अधीक्षिका और छात्राएं
घटना के बाद अधीक्षिका कला चौहान और छात्रावास की बालिकाएं धरमपुरी थाने पहुंचीं। उन्होंने पुलिस को घटना की जानकारी देते हुए कार्रवाई की मांग की। इस दौरान अधीक्षिका और छात्राएं काफी परेशान नजर आईं। घटना से जुड़ा वीडियो भी सामने आया है।
पुलिस ने शुरू की जांच और कार्रवाई
पुलिस के मुताबिक, शिकायत के आधार पर मामले में प्रकरण दर्ज कर जांच और कार्रवाई शुरू कर दी गई है। अब पुलिस घटना से जुड़े तथ्यों और वायरल वीडियो के आधार पर आगे की कार्रवाई कर रही है।
कला चौहान, अधीक्षिका, कन्या जूनियर छात्रावास

