देवास जहरीली शराब कांड में बड़ा खुलासा: इंदौर से सप्लाई हुआ था केमिकल, मास्टरमाइंड ने AI से सीखा शराब बनाने का फॉर्मूला, दवा बाजार-लोहा मंडी के केमिकल गोदाम सील
Published:
2 min read

देवास जहरीली शराब कांड में बड़ा खुलासा, इंदौर से सप्लाई हुआ था मौत का केमिकल, मास्टरमाइंड ने AI से सीखा था शराब बनाने का फॉर्मूला, जिले में दवा बाजार व लोहा मंडी के केमिकल गोदाम सील
इंदौर। देवास जिले के चंदाना-बिंजाना में जहरीली शराब से हुई मौतों की जांच की आंच इंदौर तक पहुंच गई है। मामले में गिरफ्तार 10 आरोपियों से पूछताछ के बाद देवास की सिटी कोतवाली पुलिस ने मंगलवार रात इंदौर में कार्रवाई करते हुए दो केमिकल गोदाम सील कर दिए। जांच में खुलासा हुआ है कि जहरीली शराब बनाने के लिए इस्तेमाल किया गया घातक केमिकल इंदौर के दवा बाजार और न्यू लोहा मंडी से खरीदा गया था। इसी केमिकल में पानी मिलाकर शराब तैयार की गई और बेची गई थी।
रात 10 बजे देवास पुलिस की दबिश, राइजिंग ब्रदर्स के ठिकानों पर ताला
देवास पुलिस की टीम ने मंगलवार रात करीब 10 बजे इंदौर पहुंचकर एक साथ दो ठिकानों पर कार्रवाई की। पुलिस ने न्यू लोहा मंडी स्थित महावीर मार्केट के गोदाम और दवा बाजार की चौथी मंजिल स्थित कार्यालय व गोदाम को सील कर दिया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, इस पूरे नेटवर्क में इंदौर की ''राइजिंग ब्रदर्स'' फर्म की भूमिका सामने आई है।
इंदौर से सप्लाई हुआ था शराब बनाने का केमिकल
टीआई शशिकांत चौरसिया (सिटी कोतवाली, देवास) के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि जहरीली शराब में इस्तेमाल केमिकल इंदौर की इन दोनों गोदामों से सप्लाई किया गया था। दोनों गोदामों को सील कर केमिकल के सैंपल जांच के लिए भेजे जा रहे हैं। केमिकल सप्लाई के इस नेटवर्क में शामिल अन्य लोगों को भी आरोपी बनाया जाएगा।
24 वर्षीय मुख्य आरोपी ने एआई से जुटाया था मौत का नुस्खा
जांच में सबसे चौंकाने वाला तथ्य यह सामने आया है कि 24 वर्षीय मुख्य आरोपी अजय ने जहरीली शराब तैयार करने के लिए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की मदद ली थी। आरोपी ने सितंबर माह में इंटरनेट और एआई टूल्स के जरिए शराब बनाने की प्रक्रिया की जानकारी जुटाई। इसके बाद कथित तौर पर 2 अक्टूबर (गांधी जयंती) से इस केमिकल युक्त जहरीली शराब की अवैध सप्लाई शुरू कर दी गई। पुलिस अब साइबर एक्सपर्ट्स की मदद से आरोपी के डिजिटल रिकॉर्ड और सर्च हिस्ट्री की जांच कर रही है।
ये भी पढ़ें - अनूपपुर में चक्रवाती तूफान का असर: बेमौसम बारिश से खेतों में धान की फसल पर संकट, कटाई प्रभावित होने से किसानों की बढ़ी चिंता

