तांत्रिक क्रिया के नाम पर महिला से ठगी: जोधपुर से 2 आरोपी गिरफ्तार; देवास पुलिस ने 3 लाख के सोने के आभूषण बरामद किए
Published:
3 min read

तंत्र-मंत्र के नाम पर सोने के आभूषण ठगने वाले दो आरोपी गिरफ्तार।
देवास। अंधविश्वास और तांत्रिक क्रिया के नाम पर महिला से करीब 3 लाख रुपए के सोने के आभूषण ठगने वाले दो आरोपियों को देवास पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मामले में 200 से ज्यादा CCTV कैमरों के फुटेज खंगाले और करीब 3 हजार किलोमीटर तक आरोपियों की तलाश की। पुलिस ने आठ दिन में दोनों आरोपियों को पकड़कर ठगी का पूरा माल बरामद कर लिया।
घर की बाधा दूर करने का दिया झांसा
पुलिस के अनुसार, त्रिलोक नगर निवासी गीता प्रजापत ने 30 अगस्त 2026 को सिविल लाइन थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। महिला ने बताया कि आरोपियों ने घर की बाधा दूर करने और तांत्रिक क्रिया से परेशानी खत्म करने का भरोसा दिया था। इसके लिए पहले उससे 2,100 रुपए लिए गए।
इसके बाद आरोपी महिला के घर पहुंचे और तांत्रिक क्रिया करने के नाम पर उसके सोने के आभूषण ले लिए। आरोपियों ने गहनों को लाल कपड़े की पोटली में बांध दिया और अगले दिन तांत्रिक क्रिया के बाद पोटली वापस करने की बात कही।
पोटली खोली तो गायब थे सोने के गहने
महिला आरोपियों के बताए स्थान मिश्रीलाल नगर पहुंची। यहां आरोपियों ने कथित तौर पर तांत्रिक क्रिया की और लाल कपड़े की पोटली महिला को वापस कर दी। घर पहुंचकर महिला ने जब पोटली खोली तो उसमें सोने के आभूषण नहीं थे। इसके बाद वह आरोपियों को तलाशते हुए वापस मिश्रीलाल नगर पहुंची, लेकिन वहां आरोपियों के ठिकाने पर ताला लगा मिला। महिला की शिकायत पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 482/2026 के तहत धारा 318(4) बीएनएस में केस दर्ज कर जांच शुरू की।
200 से ज्यादा CCTV कैमरों से मिला सुराग
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में पुलिस की विशेष टीम बनाई गई। टीम ने घटनास्थल और आरोपियों की गतिविधियों से जुड़े 200 से अधिक CCTV कैमरों की रिकॉर्डिंग खंगाली। इसके साथ तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिरों की मदद से आरोपियों की तलाश शुरू की गई। CCTV फुटेज और मुखबिर से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस टीम पहले अहमदाबाद पहुंची। इसके बाद आरोपियों की तलाश में टीम राजस्थान के पाली और जोधपुर तक गई।
3 हजार किलोमीटर की तलाश के बाद पकड़े गए
पुलिस के मुताबिक, करीब 3 हजार किलोमीटर तक जांच और तलाश करने के बाद दोनों आरोपियों की पहचान हुई। पुलिस ने सोमवार को दोनों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपियों ने अपना नाम प्रदीप पिता चंपालाल जोशी (36), निवासी पीपाड़ शहर, जिला जोधपुर और विनोद कुमार पिता कैलाशचंद्र जोशी (42), निवासी पीपाड़ शहर, जिला जोधपुर बताया।
पाली से बरामद किए महिला के सोने के गहने
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर राजस्थान के पाली स्थित विनोद कुमार के घर से महिला से ठगी किए गए पूरे सोने के आभूषण बरामद कर लिए। पुलिस ने आरोपियों के पास से सोने के एक जोड़ी टॉप्स, एक जोड़ी कान की झुमकी, एक बड़ा मंगलसूत्र पेंडल, दो छोटे मंगलसूत्र पेंडल और 18 मोती बरामद किए। इसके अलावा आरोपियों के कब्जे से 3 मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं। बरामद सामान की कुल कीमत करीब 3 लाख रुपए बताई गई है।
ये भी पढ़ें- देवास में पुलिस को देख बदमाशों ने नदी में फेंकी अवैध देशी पिस्टल: पानी में उतरकर जवानों ने खोज निकाली...

