देवास TI हत्याकांड के मुख्य आरोपी अक्कू और साथी का शॉर्ट एनकाउंटर: पुलिस कस्टडी से भागने की कोशिश के दौरान पैर में लगी गोली; इंदौर रेफर
Published:
3 min read

देवास TI हत्याकांड में मुख्य आरोपी अक्कू और साथी धीरज का शॉर्ट एनकाउंटर,
देवास। खातेगांव थाना प्रभारी दिलीप पुरी गोस्वामी हत्याकांड में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। घटना के 48 घंटे के भीतर पुलिस ने मुख्य आरोपी आयशर चालक गजेंद्र उर्फ अक्कू रावत और उसके साथी धीरज का शॉर्ट एनकाउंटर किया। दोनों आरोपियों के दाहिने पैर में गोली लगी है। पुलिस ने उन्हें इलाज के लिए देवास जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को इंदौर रेफर कर दिया गया।
अलग-अलग जगहों पर भागने की कोशिश, पुलिस ने चलाई गोली
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, दोनों आरोपियों को आलीराजपुर जिले से गिरफ्तार किया गया था। इसके बाद पुलिस टीम उन्हें अलग-अलग रास्तों से देवास और खातेगांव ला रही थी। इसी दौरान दोनों ने पुलिस अभिरक्षा से भागने की कोशिश की।
मुख्य आरोपी गजेंद्र उर्फ अक्कू को एसआईटी टीम आलीराजपुर से खातेगांव ले जा रही थी। रास्ते में राजोदा और बरोठा के बीच पुलिस वाहन का टायर पंचर हो गया। पुलिसकर्मी टायर बदल रहे थे, तभी आरोपी ने लघुशंका जाने का बहाना बनाया और मौके का फायदा उठाकर भागने लगा।
एएसआई की सर्विस रिवॉल्वर छीनकर भागा अक्कू
पुलिस के अनुसार, भागने के दौरान गजेंद्र उर्फ अक्कू ने एक एएसआई की सर्विस रिवॉल्वर छीन ली और पुलिस टीम पर फायरिंग की। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने गोली चलाई, जो उसके दाहिने पैर के निचले हिस्से में लगी। इसके बाद पुलिस ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। मौके से छीनी गई सर्विस रिवॉल्वर भी बरामद कर ली गई।
दूसरे आरोपी धीरज को भी मुठभेड़ में लगी गोली
मुख्य आरोपी अक्कू के बाद उसके साथी धीरज ने भी पुलिस अभिरक्षा से भागने की कोशिश की। पुलिस के मुताबिक, बैंक नोट प्रेस थाना क्षेत्र में भोपाल बायपास के पास हुई कार्रवाई के दौरान धीरज के दाहिने पैर में गोली लगी। उसे भी पुलिस ने पकड़ लिया।
जिला अस्पताल से दोनों को इंदौर किया रेफर
दोनों घायल आरोपियों को देर रात देवास जिला अस्पताल लाया गया। अक्कू को रात करीब 10:30 बजे अस्पताल में भर्ती कराया गया था। डॉक्टरों ने दोनों का प्राथमिक उपचार किया और बेहतर इलाज के लिए इंदौर के अरविंदो अस्पताल रेफर कर दिया। इस मामले में पुलिस अधिकारियों की ओर से एसडीओपी कन्नौद आदित्य तिवारी और सीएसपी देवास सुमित अग्रवाल ने जानकारी दी। जिला अस्पताल के आरएमओ डॉ. अजय पटेल ने भी घायलों के उपचार को लेकर जानकारी दी।
डॉ. अजय पटेल - RMO, जिला अस्पताल देवास

