देवास में नकली मावे से बनी 5 क्विंटल मिठाई जब्त: न्यू स्वदेशी स्वीट्स का गोदाम सील, दुकान का लाइसेंस निरस्त करने की तैयारी; रक्षाबंधन पर भी हुई थी कार्रवाई
Published:
2 min read

देवास में दीपावली से पहले न्यू स्वदेशी स्वीट्स पर छापेमारी कर 5 क्विंटल से अधिक मिठाई जब्त की गई।
देवास। दीपावली से पहले देवास में मिठाइयों की गुणवत्ता को लेकर प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। न्यापुरा चौक स्थित न्यू स्वदेशी स्वीट्स पर छापेमारी कर नकली मावे से बनी 5 क्विंटल से अधिक मिठाई जब्त की गई। कार्रवाई के बाद प्रशासन ने दुकान के गोदाम को सील कर दिया है। साथ ही दुकान का लाइसेंस निरस्त करने की तैयारी की जा रही है।
संयुक्त टीम ने की कार्रवाई
अपर तहसीलदार कपिल गुर्जर और खाद्य विभाग की टीम ने संयुक्त रूप से यह कार्रवाई की। टीम ने दुकान पर जांच के दौरान 5 क्विंटल से अधिक मिठाई जब्त की। तहसीलदार कपिल गुर्जर के मुताबिक, दुकान का लाइसेंस निरस्त करने की कार्रवाई भी की जाएगी।
रक्षाबंधन पर भी जब्त हुआ था प्रतिबंधित मावा
गौरतलब है कि इसी दुकान पर रक्षाबंधन के दौरान भी कार्रवाई की गई थी। उस समय बड़ी मात्रा में प्रतिबंधित एनालॉग मावा जब्त किया गया था, जिसे बाद में नष्ट कराया गया था।
बार-बार कार्रवाई के बावजूद गुणवत्ता पर सवाल
दीपावली जैसे त्योहार पर बड़ी मात्रा में मिठाइयों की खपत होती है। ऐसे में नकली मावे से मिठाई तैयार किए जाने का मामला खाद्य सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े करता है। एक ही दुकान पर बार-बार कार्रवाई होने के बावजूद खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता से जुड़ी शिकायतें सामने आना चिंता का विषय है। प्रशासन की ओर से गोदाम सील करने के साथ लाइसेंस निरस्त करने की तैयारी की जा रही है।
कपिल गुर्जर, तहसीलदार, देवास

