देवास में अवैध शराब की चेकिंग के दौरान खातेगांव टीआई की मौत: सर्चिंग के दौरान थाना प्रभारी दिलीप पुरी को ट्रक ने कुचला, चालक फरार; कांग्रेस नेताओं ने साधा सरकार पर निशाना
Published: Updated:
3 min read

अवैध शराब पकड़ने गए खातेगांव थाना प्रभारी दिलीप पुरी को आयशर ने कुचला, इलाज के दौरान मौत।
देवास। जिले के खातेगांव में अवैध शराब तस्करी की सूचना पर पुलिस टीम के साथ इंदौर-बैतूल हाईवे पर चेकिंग करने पहुंचे थाना प्रभारी दिलीप पुरी आयशर ट्रक की चपेट में आ गए। बताया जा रहा है कि थाना प्रभारी ने चालक को वाहन से नीचे उतरने के लिए कहा, तभी चालक ने आयशर को डिवाइडर पर चढ़ाकर आगे बढ़ा दिया। वाहन का पिछला पहिया थाना प्रभारी के ऊपर से गुजर गया। गंभीर हालत में उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने करीब दो घंटे तक CPR और उपचार किया, लेकिन उन्हें बचाया नहीं जा सका।
घटना के बाद आयशर चालक संदलपुर में वाहन छोड़कर फरार हो गया। देवास एसपी आदित्य मिश्रा रात करीब 3:30 बजे खातेगांव पहुंचे। पुलिस मामले की जांच और फरार चालक की तलाश में जुटी है। वहीं इस पूरे मामले पर सियासत भी शुरू हो गई है। कांग्रेस नेताओं ने सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हुए टीआई की मौत, सरकार और सुरक्षा को लेकर सवाल उठाए हैं।
अवैध शराब की तलाश में चल रही थी चेकिंग
जानकारी के अनुसार, खातेगांव थाना प्रभारी दिलीप पुरी गोस्वामी पुलिस टीम के साथ नेमावर रोड हाईवे पर वाहनों की जांच कर रहे थे। पुलिस को अवैध शराब ले जाने वाले ट्रक की तलाश थी। इसी दौरान वहां एक ट्रक पहुंचा। आरोप है कि पुलिस को देखकर चालक ने वाहन रोकने के बजाय आगे बढ़ा दिया और टीआई को अपनी चपेट में ले लिया। हादसा इतना गंभीर था कि थाना प्रभारी की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद पुलिस महकमे में शोक की लहर है। मामले में ट्रक चालक की भूमिका और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है।
पुलिसकर्मियों ने नम आंखों से दी विदाई
टीआई दिलीप पुरी को अफसरों और पुलिसकर्मियों ने नम आंखों से विदाई दी। गॉर्ड ऑफ ऑनर और राजकीय सम्मान के साथ उनके शव को पैतृक गांव के लिए रवाना किया गया।
नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने सरकार पर साधा निशाना
मध्य प्रदेश में अपराधियों के हौसले इतने बुलंद हो चुके हैं कि अब खाकी भी सुरक्षित नहीं है। पुलिस का खौफ नहीं है। अवैध शराब माफियाओं ने खाते गांव टीआई दिलीप पुरी गोस्वामी को ट्रक से कुचल दिया है। कानून के रक्षक की ही सरेआम हत्या हो रही हो तो आम आदमी अपनी सुरक्षा क्या करेगा। उन्होंने सरकार और प्रशासन पर सवाल उठाते हुए, टीआई दिलीप पुरी गोस्वामी को श्रद्धांजलि दी।

अरुण यादव ने कानून-व्यवस्था पर उठाए सवाल
घटना को लेकर पूर्व केंद्रीय मंत्री और कांग्रेस नेता अरुण यादव ने प्रदेश सरकार पर हमला बोला है। उन्होंने थाना प्रभारी दिलीप पुरी गोस्वामी के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि दी और उनके परिजनों के प्रति संवेदनाएं जताईं। अरुण यादव ने प्रदेश की कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि मध्य प्रदेश में कानून के बजाय माफिया का दबदबा बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि जब पुलिस अधिकारी ही सुरक्षित नहीं हैं, तो आम नागरिकों की सुरक्षा को लेकर सवाल उठना स्वाभाविक है।

टीआई दिलीप पुरी को अफसरों और पुलिसकर्मियों ने दी नम आंखों से विदाई, गॉर्ड ऑफ ऑनर और राजकीय सम्मान के साथ उनके शव को पैतृक गांव के लिए रवाना किया गया।

