दतिया के डगरई टोल प्लाजा पर कार से 286 किलो चांदी जब्त: कीमत 5 करोड़ से ज्यादा, आगरा से नागपुर जा रहे चांदी थे आभूषण; जांच में जुटी पुलिस
Published:
3 min read

दतिया में कार से 286 किलो चांदी जब्त, कीमत 5 करोड़ रुपए।
दतिया। मध्य प्रदेश के दतिया में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक कार से 286 किलो चांदी के आभूषण जब्त किए हैं। इनकी कीमत 5 करोड़ रुपए से ज्यादा बताई जा रही है। चिरुला थाना पुलिस ने बुधवार को डगरई टोल प्लाजा पर कार को रोककर तलाशी ली थी। चालक चांदी के परिवहन और मालिकाना हक से जुड़े कोई वैध दस्तावेज नहीं दिखा सका। पुलिस ने चांदी के साथ कार भी जब्त कर चालक को हिरासत में ले लिया है। मामले की जानकारी बुधवार को पुलिस ने दी।
चालक नहीं दिखा सका चांदी के वैध दस्तावेज
पुलिस ने कार चालक से चांदी के आभूषणों के परिवहन और स्वामित्व से जुड़े दस्तावेज मांगे, लेकिन वह कोई वैध कागजात नहीं दिखा सका। इसके बाद पुलिस ने 286 किलो चांदी और कार को जब्त कर लिया। चालक की पहचान राजस्थान के धौलपुर निवासी ब्रज किशोर तोमर के रूप में हुई है। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, कार राधाकृष्ण कोरियर की बताई जा रही है। चालक चांदी की खेप लेकर आगरा से नागपुर जा रहा था।
मुखबिर की सूचना पर टोल प्लाजा में घेराबंदी
दतिया एसडीओपी आकांक्षा जैन ने बताया कि मंगलवार और बुधवार की दरम्यानी रात पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक कार में बड़ी मात्रा में चांदी ले जाई जा रही है। सूचना मिलते ही चिरुला थाना पुलिस ने डगरई टोल प्लाजा पर घेराबंदी की। कुछ देर बाद संदिग्ध कार को रोककर उसकी तलाशी ली गई। जांच के दौरान कार से 286 किलो चांदी के आभूषण बरामद हुए।
जीएसटी और आयकर विभाग को दी सूचना
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने जीएसटी और आयकर विभाग को भी सूचना दी है। अब दोनों विभाग चांदी के स्रोत, खरीद-बिक्री और परिवहन से जुड़े दस्तावेजों की जांच करेंगे।बिना बिल और जरूरी कागजात के इतनी बड़ी मात्रा में चांदी मिलने से टैक्स चोरी की आशंका भी जताई जा रही है। हालांकि, इसकी पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही होगी।
कोरियर के नाम पर चांदी का परिवहन, उठे सवाल
"पुलिस के मुताबिक, जब्त कार राधाकृष्ण कोरियर की बताई जा रही है। ऐसे में जांच की जा रही है कि कोरियर कंपनी की इस पूरे मामले में क्या भूमिका है। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि चांदी किसकी है, आगरा में किस व्यक्ति से ली गई थी और नागपुर में किसे पहुंचाई जानी थी। इसके लिए चालक से पूछताछ की जा रही है।
आगरा से नागपुर जा रही थी चांदी की खेप
चालक के मुताबिक, चांदी के आभूषण आगरा से नागपुर ले जाए जा रहे थे। इस दौरान दतिया के डगरई टोल प्लाजा पर पुलिस ने कार को रोक लिया। अब पुलिस चांदी के असली मालिक और उसे प्राप्त करने वाले व्यक्ति की जानकारी जुटा रही है। जीएसटी और आयकर विभाग की जांच में यह भी पता लगाया जाएगा कि चांदी का लेन-देन नियमों के अनुसार हुआ था या नहीं। फिलहाल पुलिस ने चांदी और कार को जब्त कर लिया है। मामले में आगे की कार्रवाई संबंधित विभागों की जांच और दस्तावेजों के आधार पर की जाएगी।

आकांक्षा जैन, SDOP

