जबलपुर में CM के काफिले के सामने प्रदर्शन की तैयारी: ज्ञापन सौंपने पहुंचे कांग्रेस नेताओं को पुलिस ने थाने में बैठाया, काफिला निकलने के बाद छोड़ा
Published:
2 min read

CM मोहन यादव के दौरे से पहले शहपुरा में कांग्रेस नेताओं को थाने ले गई पुलिस
जबलपुर। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के जबलपुर दौरे से पहले शहपुरा में राजनीतिक हलचल देखने को मिली। मुख्यमंत्री के काफिले के सामने विरोध प्रदर्शन करने और स्थानीय समस्याओं को लेकर ज्ञापन सौंपने की तैयारी कर रहे कांग्रेस नेताओं को पुलिस थाने ले गई। मुख्यमंत्री का काफिला शहपुरा से रवाना होने के बाद पुलिस ने सभी नेताओं को छोड़ दिया।
मुख्यमंत्री से मिलने की तैयारी में थे कांग्रेस नेता
दरअसल, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव नरसिंहपुर से शहपुरा-भिटौनी होते हुए जबलपुर जा रहे थे। उनके शहपुरा पहुंचने से पहले कांग्रेस नेताओं ने स्थानीय समस्याओं को लेकर उनसे मुलाकात करने और ज्ञापन सौंपने की योजना बनाई थी। इसकी जानकारी मिलने पर पुलिस प्रशासन अलर्ट हो गया। पुलिस ने युवा कांग्रेस विधानसभा अध्यक्ष विवेक जैन और सांसद प्रतिनिधि मोनू जायसवाल को थाने पहुंचा दिया।
स्थानीय समस्याओं को लेकर सौंपना था ज्ञापन
कांग्रेस नेताओं को थाने ले जाने की जानकारी मिलने पर पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष राजेश सिंह समेत कई अन्य स्थानीय नेता भी शहपुरा थाने पहुंच गए। कांग्रेस नेताओं का कहना था कि वे मुख्यमंत्री के सामने क्षेत्र की लंबित समस्याओं और विकास कार्यों से जुड़ी मांगें रखना चाहते थे। उनकी प्रमुख मांगों में नेशनल हाईवे-45 पर ब्रिज निर्माण, पौड़ी फाटक को दोबारा खुलवाना, शहपुरा बाईपास बनवाना और क्षेत्र में कॉलेज की स्थापना शामिल थी।
पुलिस की कार्रवाई पर कांग्रेस नेताओं ने जताई नाराजगी
कांग्रेस नेताओं का आरोप था कि वे शांतिपूर्ण तरीके से मुख्यमंत्री को ज्ञापन सौंपना चाहते थे, लेकिन मुलाकात से पहले ही पुलिस ने उन्हें थाने में बैठा दिया। इससे स्थानीय कांग्रेस नेताओं में नाराजगी देखने को मिली।
काफिला रवाना होने के बाद नेताओं को छोड़ा
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का काफिला शहपुरा से गुजरने के बाद पुलिस ने सभी कांग्रेस नेताओं को छोड़ दिया। इस घटनाक्रम के बाद क्षेत्र में पुलिस की कार्रवाई और स्थानीय विकास से जुड़े मुद्दों को लेकर राजनीतिक चर्चाएं शुरू हो गई हैं।

