वर्ल्ड कप विनर क्रांति गौड़ को सम्मानित करेगी MP सरकार: एक करोड़ रुपए देने की घोषणा; वर्ल्ड कप में 9 विकेट लिए
Published:
2 min read

तेज गेंदबाज क्रांति गौड़ वर्ल्ड कप में पाकिस्तान के खिलाफ मैच में 3 विकेट लेकर सुर्खियों में आईं थी।
MP- CG डेस्क. भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने 2025 का ODI वर्ल्ड कप जीतकर इतिहास रच दिया है। मध्य प्रदेश के छतरपुर की तेज गेंदबाज क्रांति गौड़ भी विजेता टीम का हिस्सा रहीं। अब प्रदेश सरकार उन्हें सम्मानित करने जा रही है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने क्रांति गौड़ को एक करोड़ रुपए देने की घोषणा की है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने खिलाड़ी क्रांति गौड़ को बधाई दी।
छोटे से गांव की बेटी और अत्यंत गरीब परिवार से आने वाली क्रांति गौड़ ने आज इतिहास रच दिया है। क्रांति की यह सफलता न सिर्फ उनके परिवार के लिए, बल्कि पूरे बुंदेलखंड और प्रदेश के लिए गर्व का विषय बन गई है।
पाकिस्तान के खिलाफ लिए 3 विकेट
तेज गेंदबाज क्रांति गौड़ वर्ल्ड कप 2025 में अच्छा प्रदर्शन करके सबको चौंका दिया। वह पाकिस्तान के खिलाफ मैच में 3 विकेट लेकर सुर्खियों में आईं थी। क्रांति गौड़ ने इस वर्ल्ड कप में 9 विकेट लिए हैं।

6 भाई-बहन में सबसे छोटी हैं क्रांति
क्रांति गौड़ अपने परिवार में सबसे छोटी हैं। उनके परिवार में तीन बहनें और तीन भाई हैं। उनके पिताजी पुलिस विभाग कार्यरत थे, लेकिन किन्हीं कारणों से उन्हें नौकरी छोड़नी पड़ी। नौकरी छूटने के बाद, क्रांति गौड़ का परिवार गरीबी और दुखद परिस्थितियों से गुजरा। इस गरीबी से संघर्ष करते हुए उनकी बेटी ने आज पूरे बुंदेलखंड का नाम रोशन किया।
इन तमाम मुश्किलों के बावजूद, क्रांति गौड़ ने अपने संघर्ष और अटूट मेहनत से यह बड़ी सफलता हासिल की। भारतीय टीम में उनका चयन और फिर वर्ल्ड कप जीतना उनके दृढ़ संकल्प का प्रमाण है। इस बड़ी कामयाबी ने क्रांति गौड़ के हौसले को और बढ़ाया है। इसी जोश और लगन से उन्होंने यह मुकाम हासिल किया है कि आज पूरा भारत देश उन्हें बधाई दे रहा है। उनके पैतृक घर पर बधाई देने वालों का तांता लगा हुआ है। छतरपुर से लेकर पूरे देश में खुशी की लहर है। क्रांति गौड़ की कहानी यह बताती है कि प्रतिभा और मेहनत के आगे गरीबी जैसी कोई भी बाधा टिक नहीं सकती। वह आज लाखों युवाओं के लिए एक प्रेरणास्रोत बन गई हैं।

