छतरपुर में कुदरत का अद्भुत करिश्मा : लवकुशनगर में महिला ने 4 हाथ और 4 पैर वाले बच्चे को दिया जन्म, देखने के लिए लग रही भीड़
Published:
2 min read

फाइल
छतरपुर। जिले के लवकुशनगर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में एक महिला ने ऐसे बच्चे को जन्म दिया, जिसके शरीर से चार हाथ और चार पैर जुड़े हुए दिखाई दे रहे हैं। नवजात को देखने के लिए अस्पताल में लोगों की भीड़ जुट गई, वहीं बच्चे की तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं।
जन्म के बाद अस्पताल में जुटी लोगों की भीड़
बताया जा रहा है कि जन्म के समय नवजात का वजन करीब तीन किलोग्राम था। बच्चे के शरीर पर अतिरिक्त हाथ-पैर दिखाई देने के बाद अस्पताल में मौजूद लोगों में कौतूहल पैदा हो गया और बड़ी संख्या में लोग नवजात को देखने पहुंचने लगे।
डॉक्टरों ने बताया जुड़वां भ्रूण से जुड़ा मामला
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के चिकित्सकों के अनुसार, यह मामला जुड़वां भ्रूण के विकास से जुड़ा हो सकता है। डॉक्टरों का कहना है कि दूसरे भ्रूण का शरीर पूरी तरह विकसित नहीं हो सका, जिसके कारण उसके कुछ अंग नवजात के शरीर से जुड़े रह गए। चिकित्सकों के अनुसार, इस तरह की स्थिति में विशेषज्ञ जांच के बाद ही नवजात की शारीरिक संरचना और आगे के उपचार की स्पष्ट जानकारी सामने आ सकेगी।
विशेषज्ञ डॉक्टरों से ली जा रही सलाह
नवजात की स्थिति को देखते हुए डॉक्टर आगे के उपचार को लेकर विशेषज्ञ चिकित्सकों से सलाह ले रहे हैं। बच्चे की विस्तृत जांच के बाद यह तय किया जाएगा कि उपचार की आगे की प्रक्रिया क्या होगी। फिलहाल नवजात की स्थिति पर चिकित्सकों की निगरानी बनी हुई है। अस्पताल प्रबंधन और स्वास्थ्य विभाग बच्चे के बेहतर उपचार की व्यवस्था में जुटा है।
सोशल मीडिया पर वायरल हुई तस्वीरें
नवजात की तस्वीरें सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही हैं। हालांकि, चिकित्सकों का कहना है कि मामले को चिकित्सकीय दृष्टिकोण से देखना जरूरी है और बच्चे की स्थिति के संबंध में विस्तृत जांच के बाद ही आगे की तस्वीर स्पष्ट होगी।

