छतरपुर में धूमधाम से मना मध्यप्रदेश का 71वां स्थापना दिवस: राज्यमंत्री दिलीप अहिरवार ने दी बधाई, मेडिकल कॉलेज शुरू करने का दिया आश्वासन
Published:
2 min read

छतरपुर में मेडिकल कॉलेज शुरू करने का आश्वासन
छतरपुर। मध्यप्रदेश के 71वें स्थापना दिवस के अवसर पर छतरपुर नगर पालिका परिषद में भव्य समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में राज्यमंत्री दिलीप अहिरवार सहित जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी शामिल हुए। इस दौरान राज्यमंत्री ने प्रदेशवासियों को स्थापना दिवस की शुभकामनाएं देते हुए जिले में चल रहे विकास कार्यों की जानकारी दी। उन्होंने रिंग रोड, हाईवे और मेडिकल कॉलेज को लेकर भी महत्वपूर्ण बातें कहीं।
जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों की मौजूदगी में हुआ आयोजन
स्थापना दिवस समारोह में राज्यमंत्री दिलीप अहिरवार, छतरपुर विधायक ललिता यादव, नगर पालिका अध्यक्ष ज्योति सुरेंद्र चौरसिया, कलेक्टर मृणाल मीणा, जिला पंचायत सीईओ नमः शिवाय अरजरिया, एडिशनल एसपी आदित्य पटले और नगर पालिका सीएमओ माधुरी शर्मा सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
मुख्यमंत्री के मार्गदर्शन में प्रदेश में हो रहे विकास कार्य
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राज्यमंत्री दिलीप अहिरवार ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के मार्गदर्शन में मध्यप्रदेश विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है। प्रदेश में विकास कार्यों को तेजी से आगे बढ़ाया जा रहा है। उन्होंने स्थापना दिवस पर प्रदेश और जिले के नागरिकों को शुभकामनाएं भी दीं।
रिंग रोड, हाईवे और मेडिकल कॉलेज को लेकर कही बड़ी बात
राज्यमंत्री ने छतरपुर जिले के विकास कार्यों का जिक्र करते हुए कहा कि शहर में रिंग रोड, हाईवे और बुनियादी सुविधाओं से जुड़े कार्यों को गति दी जा रही है। वहीं, जिले में मेडिकल कॉलेज जल्द शुरू करने की दिशा में भी प्रयास किए जा रहे हैं। इससे क्षेत्र के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकेंगी।
प्रदेश के विकास और जनकल्याण का लिया संकल्प
समारोह में मध्यप्रदेश के गौरवशाली इतिहास, विकास यात्रा और भविष्य की संभावनाओं पर चर्चा की गई। उपस्थित जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने प्रदेश की निरंतर प्रगति और जनकल्याण के लिए मिलकर काम करने का संदेश दिया।
दिलीप अहिरवार, राज्यमंत्री, मध्यप्रदेश शासन

