छतरपुर में दृष्टिहीन व्यक्ति को चिकन खिलाया: मानसिक रूप से अस्वस्थ व्यक्ति का वीडियो वायरल होने पर बढ़ा विवाद, पुलिस ने शुरू की जांच
Published:
2 min read

पुलिस थाना चन्दला।
छतरपुर। जिले के चंदला क्षेत्र में एक दृष्टिहीन और मानसिक रूप से अस्वस्थ व्यक्ति का कथित तौर पर चिकन खिलाकर वीडियो बनाने और सोशल मीडिया पर वायरल करने का मामला सामने आया है। घटना के बाद स्थानीय लोगों और सामाजिक संगठनों ने विरोध जताते हुए पुलिस से कार्रवाई की मांग की है।
क्या है पूरा मामला?
जानकारी के अनुसार, चंदला क्षेत्र के भवानीपुर निवासी तुलसीदास द्विवेदी का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है। आरोप है कि स्थानीय यूट्यूबर भगवानदास अहिरवार ने उन्हें चिकन खिलाकर वीडियो बनाया और उसे सोशल मीडिया पर साझा किया।
स्थानीय लोगों ने की कार्रवाई की मांग
वीडियो वायरल होने के बाद स्थानीय लोग और सामाजिक संगठनों के सदस्य चंदला थाने पहुंचे। उन्होंने आरोप लगाया कि व्यक्ति की मानसिक और शारीरिक स्थिति का फायदा उठाकर वीडियो बनाया गया। साथ ही वीडियो को सोशल मीडिया से हटाने और आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की गई।
आरोपी ने आरोपों से किया इनकार
आरोपी भगवानदास अहिरवार ने सभी आरोपों को गलत बताया। उनका कहना है कि तुलसीदास दो दिनों से भूखे थे। उन्होंने सब्जी और चिकन बनाया था और तुलसीदास ने अपनी इच्छा से चिकन खाने की बात कही थी। उनका दावा है कि किसी की धार्मिक या व्यक्तिगत भावनाओं को आहत करने की उनकी कोई मंशा नहीं थी।
पुलिस ने क्या कहा?
छतरपुर पुलिस अधीक्षक रजत सकलेचा ने बताया कि दोनों पक्षों को थाने बुलाया गया है। उन्होंने कहा कि यदि इस मामले में लिखित शिकायत मिलती है, तो तथ्यों की जांच के बाद नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
मुकेश द्विवेदी, शिकायतकर्ता
भगवानदास अहिरवार, आरोपी
रजत सकलेचा, एसपी छतरपुर

