छतरपुर में 2 हजार रिश्वत लेते ASI का वीडिया वायरल: राजीनामे के बाद भी पैसे मांगने का आरोप, एसपी ने निलंबित कर किया लाइन अटैच
Published:
2 min read

राजीनामे के बाद भी पैसे मांगने का आरोप (फाइल फोटो)
छतरपुर। सिविल लाइन थाने में पदस्थ एएसआई सीताराम का कथित तौर पर 2 हजार रुपए लेते हुए एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। गौरिहार थाना क्षेत्र के निवासी भवानी दीन प्रजापति ने एएसआई पर रिश्वत मांगने और लगातार परेशान करने के आरोप लगाए हैं। इस मामले में छतरपुर एसपी रजत सकलेचा ने सिविल लाइन थाने में पदस्थ एएसआई सीताराम का 2 हजार रुपये रिश्वत लेते वीडियो वायरल होने के बाद तत्काल प्रभाव से निलंबित कर लाइन अटैच कर दिया गया है।

22 हजार रुपए के लेनदेन को लेकर विवाद
भवानी दीन प्रजापति के मुताबिक, उनके एक रिश्तेदार ने 22 हजार रुपए नहीं मिलने के संबंध में सिविल लाइन थाने में शिकायत आवेदन दिया था। पीड़ित का दावा है कि बाद में संबंधित रकम चुकाकर दोनों पक्षों के बीच राजीनामा हो गया था।
राजीनामे के बाद भी पैसे मांगने का आरोप
पीड़ित का आरोप है कि राजीनामे के बाद भी एएसआई सीताराम उनसे पैसों की मांग कर रहे थे। भवानी दीन के अनुसार, मामले को निपटाने के लिए 2 हजार रुपए देने की बात कही गई थी। इसी दौरान रुपये लेने का वीडियो वायरल होने की बात सामने आई है।
अधिकारियों से शिकायत करने की बात
भवानी दीन प्रजापति ने मामले की शिकायत वरिष्ठ अधिकारियों से करने की बात कही है। फिलहाल, वायरल वीडियो और लगाए गए आरोपों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। एएसआई सीताराम का पक्ष और विभागीय कार्रवाई की जानकारी भी सामने आना बाकी है।
एएसआई को सस्पेंड, जांच सीएसपी को सौंपी
एसपी रजत सकलेचा ने कहा कि सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में एएसआई सीताराम 2 हजार रुपए अपने बैग में रखवाते हुए दिख रहे हैं। इस वीडियो के संज्ञान में आते ही विभाग ने कार्रवाई की। मिली जानकारी के अनुसार प्रथम दृष्टया पता चला है कि जिस व्यक्ति ने पैसे दिए उसने नौकरी के नाम पर किसी से 22 हजार रुपए लिए थे। दोनों पक्षों की शिकायत के बाद उसने कुछ पैसे लौटा दिए थे, उसी मामले में एएसआई का संपर्क हुआ था। लेकिन रिश्वत लेना अनएक्सेप्टेबल कृत्य मानते हुए एएसआई को सस्पेंड कर दिया गया है और जांच सीएसपी को सौंपी गई है।
भवानी दीन प्रजापति , शिकायतकर्ता
रजत सकलेचा, एसपी, छतरपुर

