माइग्रेन के दर्द से परेशान युवती ने फांसी लगाकर की खुदकुशी: आखिर बार प्रेमी को किया था मैसेज, लिखा- मेरा सारा पैसा तुम रख लेना
Published:
4 min read

फाइल फोटो।
भोपाल। कमला नगर इलाके में बीती रात साड़ी शोरूम में जॉब करने वाली 22 वर्षीय युवती ने किराए के घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। शुरुआती जांच में सामने आया है कि युवती माइग्रेन के दर्द से परेशान थी, वह जॉब छोड़कर अपने गृह नगर जाने वाली थी और उसकी मां भी उसे लेने के लिए भोपाल आ रही थी, लेकिन उससे पहले ही उसने आत्मघाती कदम उठा लिया। फिलहाल मौके पर पहुंची पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले को जांच में लिया है।
पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। मृतका की पहचान वैशाली कोटे के रूप में हुई है, जो मूल रूप से कटनी की रहने वाली थी। युवती ने ग्रेजुएशन करने के बाद प्राइवेट नौकरी शुरू की थी और वह कमला नगर स्थित रविदास मंदिर के पास रहती थी। पुलिस को उसके मोबाइल फोन से एक युवक को भेजे गए कुछ संदेश मिले हैं, जिसके बाद जांच का दायरा उसके निजी रिश्ते तक भी पहुंच गया है।
अतुल नाम के युवक को भेजे थे संदेश
जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि घटना से पहले वैशाली ने अतुल नाम के युवक से वॉट्सऐप पर बातचीत की थी। चैट में उसने माफी मांगने के साथ अपने रिश्ते और भावनाओं का जिक्र किया था। उसने अपने फैसले को लेकर दुख भी जाहिर किया। इस चैट के सामने आने के बाद पुलिस अब अतुल से पूछताछ और उसके साथ वैशाली के संबंधों की जानकारी जुटा रही है।
पुलिस यह पता लगाने में लगी है कि दोनों के बीच किस तरह का रिश्ता था और घटना से पहले उनके बीच कोई बातचीत, विवाद हुआ था या नहीं। हालांकि पुलिस का कहना है कि केवल वॉट्सऐप संदेशों के आधार पर मौत की वजह तय नहीं की जा सकती। इसके लिए मोबाइल से मिलने वाले अन्य डिजिटल साक्ष्यों और परिवार के बयानों को भी जांच में शामिल किया जा रहा है।
मां बोली- डिप्रेशन से परेशान थी वैशाली
टीआई नीरूपा पांडे के मुताबिक, पुलिस ने वैशाली की मां के बयान दर्ज किए हैं। परिवार ने बताया कि वैशाली पिछले कुछ समय से डिप्रेशन की समस्या से परेशान थी। उसे माइग्रेन की शिकायत भी थी। परिवार के मुताबिक वैशाली के पिता का पहले ही निधन हो चुका है। उसकी मां रेलवे में चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी हैं। वैशाली परिवार की इकलौती बेटी थी। पुलिस अब उसके पारिवारिक हालात, निजी जीवन और भोपाल में रहने के दौरान उसके संपर्क में रहे लोगों के बारे में भी जानकारी जुटा रही है।
मोबाइल बताएगा घटना से पहले क्या चल रहा था
पुलिस ने घटनास्थल से वैशाली का मोबाइल फोन जब्त कर लिया है। अब इसकी जांच में वॉट्सऐप चैट, कॉल डिटेल, सोशल मीडिया गतिविधियों और अन्य डिजिटल जानकारी को खंगाला जाएगा। पुलिस यह जानने की कोशिश करेगी कि घटना से पहले उसने किन लोगों से बातचीत की थी और हाल के दिनों में उसके संपर्क में कौन-कौन लोग थे। कमला नगर पुलिस का कहना है कि मामले की जांच अभी शुरुआती चरण में है।
पुलिस मानसिक तनाव, पारिवारिक परिस्थितियों और निजी रिश्ते समेत सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। मोबाइल फोन और अन्य साक्ष्यों की जांच पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि वैशाली की मौत के पीछे वास्तविक परिस्थितियां क्या थीं। पुलिस ने यह भी स्पष्ट किया है कि किसी व्यक्ति या रिश्ते को जिम्मेदार ठहराने से पहले उपलब्ध साक्ष्यों की जांच जरूरी है। फिलहाल मामले में जांच जारी है।

