भोपाल में सोयाबीन तेल से भरा टैंकर पलटा: आधी रात को सड़क पर मची लूटमार; डिब्बों में तेल भरकर ले गए लोग, पुलिस ने भीड़ को मौके से हटाया
Published:
2 min read

भोपाल में तेल से भरा टैंकर पलटा,सड़क पर तेल फैलते ही मची लूटमार।
भोपाल। शहर के वीआईपी रोड स्थित कोहेफिजा चौराहे पर मंगलवार-बुधवार की दरमियानी रात सोयाबीन रिफाइंड ऑयल से भरा टैंकर पलट गया। हादसा करीब 2:30 बजे हुआ। टैंकर पलटने से चालक और क्लीनर को मामूली चोटें आईं। दोनों की हालत सामान्य बताई जा रही है। हादसे के बाद सड़क पर तेल फैल गया, जिसके बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई।
टायर फटने से अनियंत्रित हुआ टैंकर
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, टैंकर रेत घाट से लालघाटी की ओर जा रहा था। कोहेफिजा चौराहे के पास अचानक टैंकर का टायर फट गया। इसके बाद चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और टैंकर सड़क पर पलट गया। हादसे के बाद सड़क पर तेल फैल गया और यातायात भी प्रभावित हुआ।
तेल फैलते ही मौके पर जुटी भीड़
टैंकर पलटने और सड़क पर तेल फैलने की जानकारी आसपास के लोगों को मिली तो धीरे-धीरे मौके पर भीड़ बढ़ने लगी। कई लोग अपने साथ डिब्बे और दूसरे बर्तन लेकर पहुंच गए। लोग सड़क पर फैले सोयाबीन तेल को बर्तनों में भरकर ले जाते दिखाई दिए। कुछ लोग अपनी गाड़ियों में भी तेल भरते नजर आए।
पुलिस ने लोगों को मौके से हटाया
तेल भरने के लिए बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने से मौके पर काफी देर तक अफरा-तफरी की स्थिति बनी रही। सूचना मिलने पर कोहेफिजा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने सड़क पर तेल भर रहे लोगों को वहां से हटाया और स्थिति को नियंत्रित किया।
हादसे की जांच जारी
पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। टैंकर में कुल कितना सोयाबीन तेल भरा था और हादसे के बाद कितना तेल सड़क पर फैला, इसकी जानकारी जुटाई जा रही है। साथ ही टैंकर को सड़क से हटाने और यातायात व्यवस्था सामान्य करने की कार्रवाई की गई।
ये भी पढे़ं- भोपाल में PNG कनेक्शन की रफ्तार धीमी: 6 महीने में जुड़े सिर्फ 14 हजार नए कनेक्शन; LPG बंद करने के नोटिस पर विरोध

