भोपाल रिटायर्ड IAS राकेश अग्रवाल हत्याकांड: आरोपी केयरटेकर आगरा से गिरफ्तार, पुलिस से मुठभेड़ के दौरान घायल; पूछताछ में कबूली हत्या की बात
Published:
3 min read

रिटायर्ड IAS राकेश अग्रवाल हत्याकांड का आरोपी केयरटेकर वरुण आगरा से गिरफ्तार।
भोपाल। मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में रिटायर्ड आईएएस अधिकारी राकेश अग्रवाल की हत्या के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। करीब एक महीने से फरार चल रहे घरेलू केयरटेकर वरुण वाल्मीकि को भोपाल पुलिस की क्राइम ब्रांच, जोन-1 और एसआईटी की संयुक्त टीम ने उत्तर प्रदेश के आगरा के पास से गिरफ्तार किया है। आरोपी पर 50 हजार रुपए का इनाम घोषित था।
नाराजगी और दुर्भावना में हत्या करने की बात कबूली
पुलिस कमिश्नर संजय कुमार ने मंगलवार शाम प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि शुरुआती पूछताछ में वरुण ने मृतक से नाराजगी और दुर्भावना के चलते हमला करने की बात स्वीकार की है। पुलिस के मुताबिक, इसी हमले में राकेश अग्रवाल को गंभीर चोटें आई थीं, जिससे उनकी मौत हो गई। हालांकि, हत्या की पूरी वजह और घटनाक्रम की कड़ियों की जांच अभी जारी है।
9 राज्यों में तलाश, 2500 CCTV कैमरे खंगाले
आरोपी को पकड़ने के लिए पुलिस ने एक महीने से ज्यादा समय तक अभियान चलाया। मध्यप्रदेश, उत्तरप्रदेश, राजस्थान, हरियाणा, पंजाब, दिल्ली, चंडीगढ़, उत्तराखंड और कर्नाटक समेत नौ राज्यों में उसकी तलाश की गई। इस दौरान 2500 से ज्यादा CCTV कैमरों के फुटेज खंगाले गए और 100 से अधिक संदिग्धों से पूछताछ की गई। पुलिस टीमों ने ग्वालियर, आगरा, मथुरा और वृंदावन में वेशभूषा बदलकर भी निगरानी की। रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड, धर्मशालाओं, मंदिरों और आश्रमों में उसकी तलाश की गई।
कचरे का बैग लेकर घूमता दिखा आरोपी
पुलिस को आगरा में वरुण के होने की पुख्ता सूचना मिली थी। इसके बाद आगरा-मथुरा मार्ग पर घेराबंदी की गई। इसी दौरान आरोपी कचरे का बैग लेकर जाता दिखाई दिया। पुलिस ने उसे पकड़ लिया। गिरफ्तारी के बाद भोपाल लाते समय उसने भागने और पुलिसकर्मी की पिस्टल छीनने की कोशिश की। पुलिस कार्रवाई में घायल होने के बाद उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया।
हाउसकीपिंग एजेंसी के जरिए मिला था काम
जांच में पता चला कि वरुण को भोपाल की वर्मा होम हेल्थकेयर एवं हाउसकीपिंग एजेंसी के माध्यम से राकेश अग्रवाल के घर पर केयरटेकर रखा गया था। घटना के बाद वह ट्रेन से फरार हुआ था। CCTV फुटेज में वह 30 सितंबर की रात करीब 2:30 बजे घर से निकलता और सुबह 4:12 बजे रेलवे स्टेशन से केरल एक्सप्रेस में सवार होता दिखाई दिया था।
29-30 सितंबर की रात हुई थी हत्या
70 वर्षीय रिटायर्ड आईएएस राकेश अग्रवाल भोपाल के रातीबड़ थाना क्षेत्र के सूरज नगर में रहते थे। 30 सितंबर को उनके घर में शव मिलने की सूचना पुलिस को मिली थी। उनके गले पर चोट के निशान थे। शुरुआती जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर हत्या का मामला दर्ज किया गया था। इसके बाद घर में काम करने वाले केयरटेकर वरुण पर संदेह गहराया।
पुराने कार्यस्थलों पर भी मिली शिकायतें
पुलिस के मुताबिक, वरुण ने जयपुर, ग्वालियर और अन्य शहरों में केयरटेकर तथा हाउसकीपिंग का काम किया था। उसके पूर्व कार्यस्थलों से व्यवहार संबंधी शिकायतें, मोबाइल चोरी और नशे से जुड़ी जानकारियां सामने आई हैं। एक बुजुर्ग का गला दबाने की कथित घटना की जानकारी भी पुलिस को मिली है। इन सभी तथ्यों का सत्यापन किया जा रहा है।
रिमांड पर पूछताछ में खुलेंगे हत्या के राज
अब पुलिस आरोपी से हत्या की असली वजह, वारदात में इस्तेमाल हथियार और फरारी के दौरान मिली संभावित मदद के बारे में पूछताछ करेगी। इलाज के बाद उसे पुलिस रिमांड पर लेने की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी। पुलिस का कहना है कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
संजय कुमार,पुलिस कमिश्नर

