MP में चक्रवात 'अर्नब' से बदला मौसम: मऊगंज-सीधी और सिंगरौली में भारी बारिश का अलर्ट ; करवा चौथ पर चंद्र दर्शन में हो सकती है देरी, जानिए अपने जिले का हाल
Published:
4 min read

चक्रवाती तूफान 'अर्नब' के प्रभाव से मध्य प्रदेश में मौसम का मिजाज बदल गया है, कई जिलों में भारी बारिश की चेतावनी, AI फोटो।
भोपाल। मध्य प्रदेश में चक्रवात ‘अर्नब’ के प्रभाव से मौसम का मिजाज बदल रहा है। गुरुवार को प्रदेश के पूर्वी हिस्से में बारिश तेज होने की संभावना है। मौसम विभाग ने मऊगंज, सीधी और सिंगरौली में अति भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। वहीं, कई अन्य जिलों में भारी बारिश और राजधानी भोपाल समेत कुछ क्षेत्रों में हल्की बारिश, तेज हवा और गरज-चमक की संभावना जताई गई है।
मौसम का करवा चौथ व्रत पर असर
मौसम में इस बदलाव का असर करवा चौथ पर भी पड़ सकता है। गुरुवार को व्रत रखने वाली महिलाओं को चंद्र दर्शन के लिए इंतजार करना पड़ सकता है। हालांकि, चांद दिखाई देगा या नहीं, यह शाम और रात के समय स्थानीय आसमान में बादलों की स्थिति पर निर्भर करेगा।
तीन जिलों में अति भारी बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग के अनुसार, अगले 24 घंटों में पूर्वी मध्यप्रदेश में बारिश का असर अधिक रह सकता है। मऊगंज, सीधी और सिंगरौली में अति भारी बारिश की आशंका है। रीवा, सतना, मैहर, शहडोल, उमरिया, अनूपपुर, डिंडौरी, मंडला और बालाघाट में भी भारी बारिश की चेतावनी दी गई है। कुछ स्थानों पर करीब चार इंच या उससे अधिक बारिश हो सकती है।
भोपाल और ग्वालियर समेत कई जिलों में बदलेगा मौसम
भोपाल, रायसेन, सीहोर, राजगढ़, विदिशा, शाजापुर, देवास, नर्मदापुरम, बैतूल, हरदा, ग्वालियर, गुना, शिवपुरी, दतिया, अशोकनगर, मुरैना, भिंड और श्योपुर में बादल छाने के साथ हल्की बारिश, तेज हवा और गरज-चमक के आसार हैं। इसके अलावा जबलपुर, कटनी, छिंदवाड़ा, सिवनी, नरसिंहपुर, पांढुर्णा, सागर, पन्ना, दमोह, छतरपुर, टीकमगढ़ और निवाड़ी में भी मौसम बदल सकता है। दूसरी ओर, नीमच, मंदसौर, रतलाम, उज्जैन, झाबुआ, आलीराजपुर, धार, बड़वानी, इंदौर, खरगोन, खंडवा और बुरहानपुर में मौसम अपेक्षाकृत साफ रहने का अनुमान है।
करवा चौथ पर चंद्र दर्शन में हो सकती है देरी
बारिश और बादलों के कारण करवा चौथ का व्रत रखने वाली महिलाओं को चांद देखने के लिए देर तक इंतजार करना पड़ सकता है। महिलाएं चंद्र दर्शन के बाद व्रत खोलती हैं, इसलिए आसमान में घने बादल रहने पर परेशानी हो सकती है। हालांकि, पूरे प्रदेश में मौसम एक जैसा नहीं रहेगा। किसी शहर में बादलों के बीच चांद दिखाई दे सकता है, जबकि दूसरे शहर में आसमान साफ होने का इंतजार करना पड़ सकता है। इसलिए चंद्र दर्शन की स्थिति स्थानीय मौसम पर निर्भर करेगी।
बुधवार को कई जिलों में हुई बारिश
बुधवार को भी प्रदेश के कई हिस्सों में बादल छाए रहे और रुक-रुककर बारिश हुई। सतना, कटनी और छतरपुर सहित कई जिलों में पानी गिरा। मझगवां और चित्रकूट में बारिश का दौर जारी रहा, जबकि अनूपपुर जिला मुख्यालय में शाम को हल्की बारिश हुई। खजुराहो में भी ठंडी हवाओं के साथ रिमझिम बारिश दर्ज की गई। भोपाल में दिनभर बादल छाए रहे।
बारिश से किसानों की चिंता भी बढ़ गई है। कटनी में धान की तैयार फसल को नुकसान होने की आशंका है। खेतों में खड़ी और कटाई के लिए तैयार फसलों पर बारिश की मात्रा और उसके जारी रहने की अवधि का असर पड़ सकता है।
रात में बढ़ी ठंडक, दिन में गर्मी का असर बरकरार
बारिश और बादलों के कारण प्रदेश के कुछ हिस्सों में दिन के तापमान में करीब एक डिग्री सेल्सियस की गिरावट आई है। वहीं, रात के तापमान में कमी आने से ठंडक महसूस होने लगी है।मौसम विभाग के आंकड़ों के मुताबिक, शाजापुर के गिरवर में न्यूनतम तापमान 12.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पचमढ़ी में 15.2 डिग्री, धार में 15.4 डिग्री, आगर-मालवा में 15.9 डिग्री और नीमच के मरुखेड़ा व छतरपुर के नौगांव में 16 डिग्री सेल्सियस तापमान रहा।
दूसरी ओर, खजुराहो, खंडवा, रतलाम, खरगोन और नर्मदापुरम में अधिकतम तापमान 33.2 से 34.2 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया। यानी रात में ठंडक बढ़ रही है, लेकिन दिन के समय कई इलाकों में गर्मी का असर बना हुआ है।
ये भी पढ़ें- यूपी MLC चुनाव में सपा के 5 सीटों पर जीत से भोपाल में मना जश्न: एमपी प्रदेश अध्यक्ष के नेतृत्व में आतिशबाजी कर मिठाइयां बांटी...

