MP के सरकारी कर्मचारियों को दिवाली का तोहफा: महंगाई भत्ते में 2% की बढ़ोतरी, पेंशनर्स को भी राहत; तीन किस्तों में होगा 9 महीने के एरियर का भुगतान
Published:
3 min read

मोहन सरकार का दीवाली तोहफा, एमपी के सरकारी कर्मचारियों के डीए और पेंशनर्स की डीआर में 2 प्रतिशत की वृद्धि, फाइल फोटो।
भोपाल। मध्यप्रदेश की मोहन सरकार ने प्रदेश के लाखों सरकारी कर्मचारियों, अधिकारियों और पेंशनर्स को दिवाली का तोहफा दिया है। राज्य सरकार ने सरकारी कर्मचारियों के महंगाई भत्ते (DA) में 2 प्रतिशत की वृद्धि करने का फैसला लिया है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शुक्रवार को सोशल मीडिया के माध्यम से इसकी घोषणा की। इस फैसले के बाद प्रदेश के कर्मचारियों का महंगाई भत्ता 58 प्रतिशत से बढ़कर 60 प्रतिशत हो जाएगा। वहीं, पेंशनर्स की महंगाई राहत (DR) में भी 2 प्रतिशत की बढ़ोतरी की जाएगी।
जनवरी 2026 से मिलेगा महंगाई भत्ते का लाभ
मुख्यमंत्री की घोषणा के मुताबिक, कर्मचारियों को बढ़े हुए महंगाई भत्ते का लाभ जनवरी 2026 से मिलेगा। जनवरी से सितंबर 2026 तक के नौ महीने के एरियर का भुगतान तीन समान मासिक किस्तों में किया जाएगा। वहीं, नवंबर महीने में मिलने वाले अक्टूबर के वेतन से कर्मचारियों को बढ़े हुए महंगाई भत्ते का नकद लाभ मिलना शुरू हो जाएगा। सरकार के इस निर्णय से प्रदेश के लाखों कर्मचारियों और अधिकारियों को आर्थिक राहत मिलने की उम्मीद है।
केंद्रीय और राज्य कर्मचारियों के डीए का अंतर होगा कम
केंद्र सरकार की ओर से केंद्रीय कर्मचारियों के महंगाई भत्ते में 3 प्रतिशत की वृद्धि किए जाने के बाद उनका डीए बढ़कर 63 प्रतिशत हो गया है। वहीं, मध्यप्रदेश के सरकारी कर्मचारियों को अब तक 58 प्रतिशत महंगाई भत्ता मिल रहा था। राज्य सरकार की ओर से 2 प्रतिशत वृद्धि की घोषणा के बाद प्रदेश के कर्मचारियों का डीए 60 प्रतिशत हो जाएगा।
हालांकि, इस बढ़ोतरी के बाद भी केंद्रीय और मध्यप्रदेश के कर्मचारियों के महंगाई भत्ते में 3 प्रतिशत का अंतर बना रहेगा। इससे पहले दोनों के डीए के बीच 5 प्रतिशत का अंतर था।
पेंशनर्स की महंगाई राहत में भी 2 प्रतिशत की वृद्धि
सरकार ने प्रदेश के पेंशनर्स को भी राहत देने का फैसला किया है। उनकी महंगाई राहत (DR) में 2 प्रतिशत की वृद्धि की जाएगी। यह बढ़ोतरी जुलाई 2026 से प्रभावी होगी। इससे प्रदेश के सेवानिवृत्त कर्मचारियों को भी बढ़ती महंगाई के बीच अतिरिक्त आर्थिक सहायता मिलेगी।

तीन किस्तों में मिलेगा एरियर, नवंबर से बढ़ी हुई राशि का लाभ
राज्य सरकार के फैसले के अनुसार कर्मचारियों को जनवरी से सितंबर 2026 तक के नौ महीने के एरियर का भुगतान तीन समान मासिक किस्तों में किया जाएगा। वहीं, अक्टूबर महीने के वेतन में बढ़े हुए डीए की राशि शामिल होगी, जिसका भुगतान नवंबर में किया जाएगा।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि राज्य सरकार कर्मचारियों और पेंशनर्स के हितों के प्रति प्रतिबद्ध है और उनके साथ खड़ी है। सरकार के इस फैसले से प्रदेश के लाखों कर्मचारियों और पेंशनर्स को सीधा लाभ मिलेगा।

