भोपाल-इंदौर मेट्रो स्टेशनों पर कमर्शियल स्पेस लीज पर देने की तैयारी: 5 स्टेशनों पर खुलेंगी दुकानें और फूड आउटलेट, 17 नवंबर को खुलेंगे टेंडर
Published:
2 min read

भोपाल और इंदौर मेट्रो स्टेशनों पर कॉमर्शियल स्पेस को लीज पर देने की तैयारी, फाइल फोटो।
भोपाल। मध्य प्रदेश में भोपाल और इंदौर के मेट्रो स्टेशनों पर कमर्शियल स्पेस को लीज पर देने की तैयारी शुरू हो गई है। मेट्रो कॉर्पोरेशन के मुताबिक 10 साल के लिए यह लीज दी जाएगी। इसे यात्रियों की सुविधा के लिए किया जा रहा है। कुल पांच स्टेशनों से इसकी शुरुआत होगी। इसमें स्टेशन परिसर के भीतर दुकानें और फूड आउटलेट खोले जाएंगे।
पांच स्टेशनों के लिए 17 नवंबर को खुलेंगे टेंडर
मध्य प्रदेश मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन ने पांच स्टेशनों पर कमर्शियल गतिविधियों के लिए 4,630 वर्ग मीटर स्पेस बनाया है। अगले छह महीने के भीतर कामकाज शुरू करने का लक्ष्य रखा गया है। इसमें भोपाल में बोर्ड ऑफिस चौराहा और सुभाष नगर मेट्रो स्टेशनों पर 3,230 वर्ग मीटर जगह के लिए टेंडर बुलाए गए हैं। इनमें से 710 वर्ग मीटर जगह बोर्ड ऑफिस स्टेशन पर और 2,520 वर्ग मीटर जगह सुभाष नगर स्टेशन पर उपलब्ध होगी। टेंडर 17 नवंबर को खोले जाएंगे। जो फर्म सिलेक्ट होगी, उसे शर्तों के मुताबिक जगह का आवंटन किया जाएगा।
इंदौर में इन स्टेशनों के लिए जल्द ही जारी होंगे टेंडर
वहीं इंदौर में आईएसबीटी, हीरानगर और बापट मेट्रो स्टेशनों पर कमर्शियल गतिविधियों के लिए 1,400 वर्ग मीटर जगह तय की गई है। इन जगहों के लिए जल्द ही टेंडर जारी किए जाएंगे। मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन के मैनेजिंग डायरेक्टर एस. कृष्णा चैतन्य के मुताबिक कॉर्पोरेशन नॉन-फेयर रेवेन्यू बढ़ाने पर काम कर रहा है।

