भोपाल में भारत-पाक T20 मुकाबले पर सट्टा बाजार गर्म: शहर के फार्म हाउस-होटलों में जमी महफिल, करीब 50 करोड़ के दांव का अनुमान
Published:
2 min read

शाहिद कामिल. भोपाल। राजधानी भोपाल सहित शहर के अलग-अलग इलाकों में टी-20 वर्ल्ड कप के भारत-पाकिस्तान मुकाबले को लेकर सट्टा बाजार पूरी तरह गर्म रहा। इस हाई-वोल्टेज मैच पर शहर में करीब 50 करोड़ रुपये के दांव लगने का अनुमान है।
सट्टा बाजार से जुड़े सूत्रों के मुताबिक पुलिस की सख्ती से बचने के लिए सट्टा कारोबारियों ने पहले से ही पुख्ता इंतजाम कर रखे थे। रविवार को अवकाश होने के कारण कई फार्म हाउस और बड़ी होटलों में सट्टेबाजों ने अपनी सेटिंग जमा रखी। वहीं, शहर के अलग-अलग क्षेत्रों में मोबाइल और ऑनलाइन माध्यम से भी जमकर दांव लगाए गए।
भारत को पहले से माना जा रहा था मजबूत
मैच शुरू होने से पहले ही सट्टा बाजार में भारत की टीम को मजबूत माना जा रहा था। भारत पर 50 पैसे और पाकिस्तान पर 1.50 रुपये का भाव खोला गया था। सट्टा बाजार के जानकारों के अनुसार, जिस टीम का भाव कम होता है, उसे मजबूत माना जाता है। इसी आधार पर शुरुआत में भारत का पलड़ा भारी बताया जा रहा था।
कुछ इलाकों में ही 15 करोड़ तक का दांव
अकेले संतनगर, वनट्री हिल्स और लालघाटी क्षेत्र में शाम 7:30 बजे तक करीब 15 करोड़ रुपये के दांव लगने का अनुमान जताया गया। मैच के दौरान पूरे समय सट्टा बाजार में उत्साह बना रहा और भावों में लगातार उतार-चढ़ाव देखा गया।
खिलाड़ियों के प्रदर्शन पर भी सट्टा
सट्टेबाजों ने सिर्फ जीत-हार पर ही नहीं, बल्कि शतक-अर्धशतक, कुल टारगेट और हर ओवर के रन पर भी दांव लगाए। इशान और अभिषेक के शतक-अर्धशतक को लेकर अलग-अलग भाव खुले थे। मैच के दौरान हर ओवर के साथ भाव बदलते रहे और सटोरिए लगातार दांव खेलते रहे।
पहला विकेट गिरते ही बदला रुख
भारत का पहला विकेट गिरते ही सट्टा बाजार में हलचल मच गई और कुछ समय के लिए पाकिस्तान की ओर रुझान बढ़ गया। हालांकि, भारत के संभलकर खेलने के बाद सटोरियों का रुख फिर भारत की ओर लौट आया।
पुलिस की सख्ती के बावजूद गतिविधियां जारी
भारत-पाक मुकाबले के दौरान हर बार की तरह इस बार भी सट्टा बाजार में रौनक चरम पर रही। पुलिस की सख्ती के बावजूद सट्टा कारोबारी गुप्त स्थानों से अपनी गतिविधियां संचालित करते रहे। एक अनुमान के मुताबिक, राजधानी में करीब 50 करोड़ रुपये का सट्टा विभिन्न सट्टा सेंटरों के माध्यम से संचालित हुआ।

