भोपाल में झमाझम बारिश: भदभदा और कलियासोत बांध के गेट खुले, निचले इलाकों में अलर्ट जारी
Published:
2 min read

भोपाल में दो घंटे में डेढ़ इंच बारिश, भदभदा डैम का एक गेट खुला।
भोपाल। राजधानी भोपाल में रविवार शाम हुई तेज बारिश के बाद बड़ा तालाब एक बार फिर फुल टैंक लेवल (FTL) पर पहुंच गया। तालाब का जलस्तर 1666.80 फीट पहुंचने के बाद रात 8 बजे भदभदा डैम का एक गेट खोल दिया गया। इस सीजन में यह पांचवीं बार है, जब भदभदा डैम के गेट खोले गए हैं।
शाम को फुल टैंक लेवल पर पहुंचा बड़ा तालाब
नगर निगम के वॉटर वर्क्स के मुताबिक रविवार शाम 5 बजे बड़ा तालाब का जलस्तर 1666.80 फीट दर्ज किया गया। यह तालाब का फुल टैंक लेवल है। इसके बाद रात 8 बजे भदभदा डैम का गेट नंबर 10 खोलकर तालाब का पानी आगे छोड़ा गया।
चार सितंबर को पहली बार खुले थे गेट
इस बारिश के सीजन में भदभदा डैम के गेट पहली बार 4 सितंबर को खोले गए थे। इसके बाद दो दिनों तक करीब चार बार गेट खोलकर बड़ा तालाब का पानी कलियासोत डैम की ओर छोड़ा गया था। अब रविवार की तेज बारिश के बाद एक बार फिर तालाब लबालब हो गया।
कलियासोत डैम के भी दो गेट खुले
भदभदा डैम का गेट खुलने के बाद बड़ा तालाब का पानी सीधे कलियासोत नदी में पहुंचा। पानी की आवक बढ़ने के कारण कलियासोत डैम के भी दो गेट खोल दिए गए। इससे दोनों जलाशयों के जलस्तर को नियंत्रित किया जा रहा है।
ये भी पढे़ें- भोपाल में फर्जी IAS तृप्ति सिंह मामले में नया खुलासा: खुद को SDM बताकर लिया पुलिस प्रोटोकॉल, सरकारी दफ्तरों का निरीक्षण...

