दीपावली से पहले भोपाल में आबकारी विभाग का बड़ा एक्शन: गांधीनगर क्षेत्र में टीम ने दी दबिश, 1000 लीटर लहान जब्त, स्कूटी से शराब तस्करी करते दो गिरफ्तार
Published:
3 min read

दीपावली से पहले आबकारी विभाग की बड़ी कार्रवाई, अवैध शराब और लहान जब्त।
भोपाल। दीपावली से पहले भोपाल में अवैध शराब के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए आबकारी विभाग ने कार्रवाई तेज कर दी है। बुधवार को जिले के अलग-अलग इलाकों में विभाग की टीमों ने दबिश देकर हाथभट्टी की शराब, बड़ी मात्रा में लहान और देशी शराब जब्त की। शाहजहांनाबाद में एक युवक एक्टिवा से देशी शराब के 52 पाव ले जाते पकड़ा गया। जबकि गांधीनगर के शांतिनगर इलाके में 1000 लीटर लहान बरामद हुआ। शराब दुकानों के आसपास अवैध रूप से शराब पीने-पिलाने वालों के खिलाफ भी कार्रवाई की गई।
गांधीनगर में 1000 लीटर लहान बरामद
आबकारी उपनिरीक्षक स्वाति बघेल की टीम ने बगोनिया निवासी राहुल अहिरवार के पास से 600 मिलीलीटर हाथभट्टी से बनी शराब बरामद की। इसके अलावा गांधीनगर क्षेत्र के शांतिनगर में दबिश के दौरान 1000 लीटर लहान मिला। इस मामले में अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मध्य प्रदेश आबकारी अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है।
एक्टिवा से हो रहा था शराब का परिवहन
शाहजहांनाबाद क्षेत्र में आबकारी विभाग की दूसरी टीम ने संजय बाथम को पकड़ा। उसके पास से देशी शराब के 52 पाव बरामद किए गए। शराब का परिवहन होंडा एक्टिवा (MP 04 SR 1496) से किया जा रहा था। विभाग ने शराब के साथ वाहन जब्त कर आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 34(1)(क) के तहत प्रकरण दर्ज किया।
बागमुगलिया में शराब दुकानों के आसपास भी कार्रवाई
अवैध शराब के परिवहन और संग्रहण के साथ-साथ सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीने-पिलाने के मामलों पर भी विभाग ने कार्रवाई की। सहायक जिला आबकारी अधिकारी संदीप द्विवेदी की टीम ने बागमुगलिया क्षेत्र में शराब दुकानों के आसपास जांच की। इस दौरान अवैध रूप से शराब पीने और पिलाने वालों के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 36(क) और 36(ख) के तहत प्रकरण दर्ज किए गए। विभाग ने संबंधित स्थानों पर दोबारा ऐसी गतिविधियां नहीं होने देने की हिदायत भी दी।
जिलेभर में जारी रहेगा अभियान
आबकारी विभाग के अधिकारियों के मुताबिक, अवैध शराब के निर्माण, संग्रहण, परिवहन और बिक्री पर रोक लगाने के लिए जिलेभर में लगातार गश्त, निगरानी और दबिश दी जा रही है। यह कार्रवाई भोपाल कलेक्टर प्रियंक मिश्रा के आदेश पर उपायुक्त आबकारी संभाग भोपाल केसी अग्निहोत्री और सहायक आबकारी आयुक्त वीरेंद्र कुमार धाकड़ के मार्गदर्शन में की गई। अभियान का नेतृत्व कंट्रोलर वर्षा उइके ने किया। कार्रवाई में जिले के सहायक जिला आबकारी अधिकारी, उपनिरीक्षक और आबकारी विभाग का कार्यपालिक बल शामिल रहा।

