'नशे का कारोबार बिल्कुल बर्दाश्त नहीं': राज एक्सप्रेस से बोले संभागायुक्त कर्मवीर शर्मा, स्कूल-कॉलेज और हॉस्टल में पर विशेष नजर; 15 नवंबर तक सड़कों के गड्ढे भरने का लक्ष्य
Published:
3 min read

भोपाल संभाग के कमिश्नर कर्मवीर शर्मा ने राज एक्सप्रेस से खास बातचीत में स्पष्ट किया है कि नशे का अवैध कारोबार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
भोपाल। भोपाल संभाग के कमिश्नर (संभागायुक्त) कर्मवीर शर्मा ने स्पष्ट किया है कि संभाग के किसी भी क्षेत्र में नशे का कारोबार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इस संबंध में उन्होंने सभी जिलों के कलेक्टरों और अन्य अधिकारियों के साथ बैठक कर अब तक की गई कार्रवाई की समीक्षा की है।
'राज एक्सप्रेस' से खास बातचीत में संभागायुक्त कर्मवीर शर्मा ने बताया कि संभागभर में नशे के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। सभी जिलों के कलेक्टरों और संबंधित अधिकारियों से रिपोर्ट ली गई है कि नशे के अवैध कारोबार को रोकने के लिए अब तक क्या कदम उठाए गए हैं और किस तरह की कार्रवाई की गई है। प्रशासन इस पूरे अभियान की लगातार मॉनिटरिंग कर रहा है, ताकि इसके सकारात्मक और प्रभावी परिणाम सामने आ सकें।
संदिग्ध गतिविधियों पर पैनी नजर रखने की जरूरत
उन्होंने कहा कि इस अभियान में केवल प्रशासन और पुलिस की भूमिका ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि आम जनता और सामाजिक संगठनों को भी आगे आना होगा। इसके साथ ही स्कूल, कॉलेज और हॉस्टलों जैसे स्थानों पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं, जहां युवाओं के नशे की गिरफ्त में आने की आशंका सबसे ज्यादा रहती है। इन संस्थानों में जागरूकता अभियान चलाने और संदिग्ध गतिविधियों पर पैनी नजर रखने की जरूरत है।
15 नवंबर तक सड़कों के गड्ढे भरने का लक्ष्य
बातचीत के दौरान संभागायुक्त ने क्षेत्र की सड़कों की खराब स्थिति को लेकर भी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि दीपावली से पहले ही सभी संबंधित अधिकारियों को सड़कों की मरम्मत और गड्ढे भरने के निर्देश दिए गए थे। भोपाल सहित पूरे संभाग में खराब सड़कों को दुरुस्त करने का काम लगातार जारी है और इसके लिए 15 नवंबर तक सड़कों के गड्ढे भरने तथा पैचवर्क का काम पूरी तरह से पूरा करने का लक्ष्य तय किया गया है।
कर्मवीर शर्मा के मुताबिक, इस काम की जिम्मेदारी नगर निगम, लोक निर्माण विभाग (PWD), एमपीआरडीसी (MPRDC) सहित ग्रामीण क्षेत्रों की सड़कों से जुड़े अन्य विभागों को सौंपी गई है। सभी अधिकारियों से काम की प्रगति का नियमित फीडबैक लिया जा रहा है। चूंकि बारिश के कारण सड़कों को काफी नुकसान पहुंचा था जिससे आम लोगों को परेशानी हो रही है, इसलिए मरम्मत का यह काम युद्ध स्तर पर पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं।
संभागायुक्त ने दी दीपावली की शुभकामनाएं
दीपावली के पावन अवसर पर संभागायुक्त कर्मवीर शर्मा ने प्रदेशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं दीं। उन्होंने लोगों से अपील की कि सभी मिल-जुलकर त्यौहार मनाएं और सुरक्षा का विशेष ध्यान रखें। उन्होंने कहा कि दीपावली खुशियों का पर्व है, इसलिए यह सुनिश्चित करें कि त्योहार के दौरान किसी तरह की दुर्घटना न हो और सभी लोग सुरक्षित व हर्षोल्लास के साथ उत्सव मनाएं।
कर्मवीर शर्मा, संभागायुक्त, भोपाल

