दीपावली से पहले भोपाल पुलिस सख्त: आंख फोड़ू कार्बाइड गन पर 2 महीने का प्रतिबंध, बाजारों से लेकर ऑनलाइन प्लेटफॉर्म तक निगरानी तेज
Published:
3 min read

भोपाल में कार्बाइड गन पर प्रतिबंध, दो महीने तक पुलिस की सख्ती जारी
भोपाल। दीपावली से पहले लोगों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए भोपाल पुलिस ने आंखों को नुकसान पहुंचाने वाली कार्बाइड गन और कार्बाइड तोप पर प्रतिबंध लगा दिया है। पुलिस कमिश्नर संजय कुमार ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 163 के तहत प्रतिबंधात्मक आदेश जारी किया है। यह आदेश भोपाल पुलिस कमिश्नरेट क्षेत्र में अगले दो महीने तक लागू रहेगा। पुलिस बाजारों से लेकर सोशल मीडिया और ऑनलाइन प्लेटफॉर्म तक इनकी बिक्री पर नजर रख रही है।
हादसों को रोकने के लिए पुलिस अलर्ट
दीपावली के दौरान कार्बाइड गन और कार्बाइड तोप के इस्तेमाल से होने वाले हादसों को रोकने के लिए पुलिस ने निगरानी बढ़ा दी है। पिछले साल इन उपकरणों के इस्तेमाल से कई लोगों की आंखों को नुकसान पहुंचा था। भोपाल एम्स और हमीदिया अस्पताल के नेत्र रोग विभाग में भी बड़ी संख्या में पीड़ित इलाज के लिए पहुंचे थे। इसी को देखते हुए पुलिस इस बार पहले से सतर्क है।
खतरनाक है कार्बाइड गन का इस्तेमाल
पुलिस के मुताबिक, कार्बाइड गन और कार्बाइड तोप से तेज आवाज पैदा करने के लिए रासायनिक प्रक्रिया का इस्तेमाल किया जाता है। इन्हें बनाने में लोहे, स्टील या पीवीसी पाइप के साथ केमिकल का उपयोग किया जा सकता है। सावधानी नहीं बरतने पर विस्फोट से आंखों, हाथ-पैर और शरीर के दूसरे हिस्सों में गंभीर चोट लग सकती है। इसके अलावा आग लगने और आसपास की संपत्ति को नुकसान पहुंचने का खतरा भी रहता है।
भीड़भाड़ वाले बाजारों, संकरी गलियों, रिहायशी इलाकों और बच्चों की मौजूदगी वाली जगहों पर इनका इस्तेमाल विशेष रूप से खतरनाक हो सकता है। इसी वजह से पुलिस ने इनके निर्माण, बिक्री और इस्तेमाल पर रोक लगाने का फैसला लिया है।
बाजारों और ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर निगरानी
एडिशनल पुलिस कमिश्नर शैलेन्द्र सिंह चौहान ने बताया कि पुलिस कमिश्नर के आदेश के तहत भोपाल के शहरी क्षेत्र में कार्बाइड गन प्रतिबंधित की गई हैं। सभी थाना प्रभारियों और एसीपी को निर्देश दिए गए हैं कि बिक्री या इस्तेमाल की जानकारी मिलने पर तत्काल कार्रवाई करें।
सोशल मीडिया और ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर भी नजर
पुलिस सोशल मीडिया और ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर भी नजर रख रही है, ताकि कार्बाइड गन की बिक्री से जुड़ी गतिविधियों का पता लगाया जा सके। इसके साथ ही गन बनाने में इस्तेमाल होने वाले केमिकल और पाइप जैसी सामग्री की बिक्री पर भी निगरानी की जा रही है। संबंधित विक्रेताओं को सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं।
बच्चों को कार्बाइड गन से दूर रखने की अपील
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे कार्बाइड गन न खरीदें और न ही बच्चों को इस्तेमाल के लिए दें। त्योहार के दौरान थोड़ी-सी लापरवाही भी गंभीर हादसे का कारण बन सकती है। पुलिस का कहना है कि प्रतिबंध का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
ये भी पढ़ें- रायपुर में जल जीवन मिशन के ठेकेदारों का प्रदर्शन: 5,000 करोड़ का भुगतान लंबित होने का दावा...

