भोपाल के बाग मुगलिया में पक्की सड़क खोदकर काम अधूरा छोड़ा: उड़ती धूल और गिट्टी से रहवासी परेशान, PWD के खिलाफ प्रदर्शन
Published: Updated:
3 min read

बाग मुगलिया एक्सटेंशन में सड़क निर्माण के दौरान ठेकेदार की मनमानी
भोपाल। बाग मुगलिया एक्सटेंशन कॉलोनी में नई सड़क बनाने के नाम पर पहले से बनी पक्की सड़क को ही उखाड़ दिया गया। करीब एक महीने पहले PWD ने नई सड़क बनाने के लिए पुरानी सड़क की खुदाई तो कर दी, लेकिन अब तक निर्माण कार्य पूरा नहीं हो सका है। नतीजा यह है कि सड़क पर जगह-जगह डस्ट और गिट्टी डालकर काम अधूरा छोड़ दिया गया है। इससे परेशान कॉलोनी के रहवासियों को रोजाना आवाजाही में मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। सड़क की बदहाली से नाराज महिलाओं, बच्चों, बुजुर्गों समेत बड़ी संख्या में रहवासी सड़क पर उतर आए और PWD के खिलाफ प्रदर्शन कर जिम्मेदारों से जवाब मांगा।
दो साल पहले बनी सड़क को फिर खोदा
रहवासियों के मुताबिक, करीब दो साल पहले ही कॉलोनी में पक्की डामर की सड़क बनाई गई थी। लेकिन लगभग एक महीने पहले PWD ने नई सड़क बनाने के नाम पर पहले से बनी सड़क को खोद दिया। शुरुआत में विभाग की ओर से यहां डामर की सड़क बनाने की तैयारी थी, जिसका रहवासियों ने विरोध किया। रहवासियों की मांग थी कि जब कॉलोनी के दूसरे हिस्सों में सीमेंट-कंक्रीट की सड़क बनाई जा रही है, तो उनके क्षेत्र में भी उसी तरह की सड़क बनाई जाए।
मांग मानी, लेकिन निर्माण कार्य फिर भी अधूरा
रहवासियों का कहना है कि काफी मशक्कत और लगातार विरोध के बाद प्रशासन ने उनकी सीमेंट-कंक्रीट सड़क बनाने की मांग मान तो ली, लेकिन इसके बाद निर्माण कार्य ही रुक गया। अब हालात यह हैं कि सड़क को खोदकर डस्ट और गिट्टी डाल दी गई है, लेकिन दोबारा निर्माण शुरू नहीं हो रहा। अधूरी सड़क के कारण धूल, गिट्टी और उबड़-खाबड़ रास्ते से लोगों को परेशानी हो रही है।
जनप्रतिनिधियों से अधिकारियों तक लगाई गुहार, नहीं मिला समाधान
कॉलोनी के सोशल वर्कर उमाशंकर तिवारी का कहना है कि सड़क निर्माण को लेकर छोटे से लेकर बड़े स्तर तक सभी जनप्रतिनिधियों और संबंधित अधिकारियों को पत्राचार के जरिए शिकायत की जा चुकी है। कई बार अधिकारियों से संपर्क करने की कोशिश भी की गई, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हुआ। उनका आरोप है कि अब तो कई अधिकारियों ने उनके फोन का जवाब देना भी बंद कर दिया है।
रहवासियों का सवाल- सड़क बनानी थी तो पहले वाली क्यों तोड़ी?
प्रदर्शन कर रहे रहवासियों का सवाल है कि जब पहले से पक्की सड़क मौजूद थी, तो नई सड़क बनाने के नाम पर उसे उखाड़कर लोगों की परेशानी क्यों बढ़ाई गई? अगर सीमेंट-कंक्रीट की सड़क बनाने का निर्णय हो चुका है, तो फिर निर्माण कार्य में देरी क्यों हो रही है? रहवासियों ने मांग की है कि PWD जल्द से जल्द सड़क निर्माण पूरा करे, ताकि उन्हें रोजाना की परेशानी से राहत मिल सके। अब देखना होगा कि रहवासियों के प्रदर्शन के बाद PWD के जिम्मेदार अधिकारी कब तक जागते हैं और बाग मुगलिया एक्सटेंशन की अधूरी सड़क का निर्माण कब पूरा होता है।
ये भी पढ़ें - देवास में मंत्री तुलसी सिलावट का कांग्रेस पर बड़ा हमला: प्रदर्शन को बताया बौखलाहट, बोले- उनका काम विरोध, हमारा विकास करना
राज एक्सप्रेस संवाददाता राघव शर्मा ने स्थानीय लोगों से की खास बातचीत

