कान्हा नेशनल पार्क के पास जंगल में बाघ का हमला: लाठी से मुकाबला कर युवक ने बचाई खुद की जान; सिर और हाथ में गंभीर चोटें
Published:
3 min read

AI जनरेटेड फोटो।
बालाघाट। कान्हा नेशनल पार्क से लगे ग्राम करेली में जंगल की ओर जा रहे करीब 30 वर्षीय युवक पर बाघ ने हमला कर दिया। हमले में युवक के सिर और हाथ में गंभीर चोटें आई हैं। घायल की पहचान संतोष मेश्राम के रूप में हुई है। युवक की हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, घटना कान्हा टाइगर रिजर्व के खापा बफर क्षेत्र के बीट मोवाला अंतर्गत कक्ष क्रमांक 1106 के बोदल बेहरा इलाके की है। संतोष मेश्राम घर से जंगल की ओर जा रहा था। इसी दौरान अचानक बाघ ने उस पर हमला कर दिया।
लाठी से बाघ के सिर पर किया वार
बाघ के हमले के बाद संतोष ने हिम्मत नहीं हारी। उसके हाथ में मौजूद लाठी से उसने बाघ के सिर पर वार किया। इसके बाद बाघ उसे छोड़कर जंगल की ओर चला गया। हमले में घायल संतोष किसी तरह अपने घर पहुंचा। आसपास के लोगों ने घटना की सूचना वन विभाग को दी, जिसके बाद उसे उपचार के लिए बैहर अस्पताल ले जाया गया।
घटना के बाद क्षेत्र के ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में लगातार वन्यजीवों की गतिविधियां सामने आ रही हैं, जिससे जंगल से लगे गांवों में रहने वाले लोगों की चिंता बढ़ गई है।
वन विभाग ने बढ़ाई निगरानी
वन विभाग के अनुसार घायल ग्रामीण को नियमानुसार अग्रिम सहायता राशि प्रदान की गई है। विभाग की टीम घटना की परिस्थितियों के साथ क्षेत्र में वन्यजीवों की गतिविधियों और उनके संभावित आवागमन मार्गों की जानकारी जुटा रही है। क्षेत्र में निगरानी बढ़ाते हुए ग्रामीणों की सुरक्षा के लिए आवश्यक एहतियाती कदम भी उठाए जा रहे हैं।
वन विभाग ने ग्रामीणों से अपील की है कि मशरूम संग्रहण या अन्य कार्यों के लिए अकेले जंगल अथवा वन क्षेत्र में न जाएं। वन क्षेत्र में जाते समय विशेष सावधानी बरतें और वन्यजीव दिखाई देने पर उससे सुरक्षित दूरी बनाए रखें।
विभाग ने ग्रामीणों से यह भी कहा है कि क्षेत्र में किसी वन्यजीव की मौजूदगी या गतिविधि की जानकारी मिलने पर तत्काल नजदीकी वन अमले अथवा वन विभाग को सूचित करें। वन विभाग का कहना है कि ग्रामीणों की सुरक्षा के साथ वन्यजीवों के संरक्षण को ध्यान में रखते हुए निगरानी और सुरक्षा संबंधी कार्रवाई लगातार जारी है।
संतोष मेश्राम, पीड़ित
डॉ. कौशल कुमार, चिकित्सक
आशीष पांडे, एसडीओ कान्हा प्रबंधन

