अशोकनगर के अक्षत रघुवंशी को लखनऊ सुपर जायंट्स ने 2.20 करोड़ रुपए में खरीदा: अक्षत की उपलब्धि पर परिवार ने मनाया जश्न
Published:
2 min read

अक्षत रघुवंशी को लखनऊ सुपर जायंट्स ने खरीदा।
MP-CG डेस्क. आईपीएल 2026 की नीलामी में मध्य प्रदेश के अशोकनगर जिले के युवा क्रिकेटर अक्षत रघुवंशी ने बड़ी उपलब्धि हासिल की है। लखनऊ सुपरजायंट्स ने अक्षत को 2.20 करोड़ रुपये में अपनी टीम में शामिल किया है। इस चयन के बाद न केवल अक्षत के परिवार बल्कि पूरे जिले में खुशी का माहौल है।
अक्षत रघुवंशी इससे पहले मध्य प्रदेश के लिए अंडर-14, अंडर-16, अंडर-19 और रणजी ट्रॉफी में प्रतिनिधित्व कर चुके हैं। हालांकि पिछले दो वर्षों से वह आईपीएल नीलामी में अनसोल्ड रहे थे, लेकिन इस बार उनकी मेहनत रंग लाई और उन्हें लखनऊ सुपरजायंट्स ने मौका दिया।
यह उपलब्धि इसलिए भी खास मानी जा रही है क्योंकि इस बार नीलामी में करीब 70 खिलाड़ियों पर बोली लगी, जिनमें 25 विदेशी खिलाड़ी और कई राष्ट्रीय स्तर पर खेल चुके नाम शामिल थे। सीमित स्लॉट होने के कारण केवल 20 से 25 खिलाड़ियों को ही टीमों में जगह मिल पाई, ऐसे में अक्षत का चयन एक बड़ी सफलता माना जा रहा है।
मूल रूप से बल्लेबाज अक्षत रघुवंशी ने पिछले टूर्नामेंट्स में कई शानदार पारियां खेलकर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया है। उनकी निरंतरता और तकनीक ने चयनकर्ताओं का ध्यान खींचा। इस उपलब्धि पर अक्षत के परिजनों ने जमकर जश्न मनाया। उनके माता-पिता अनसूया रघुवंशी और कृष्ण पाल सिंह रघुवंशी सहित परिवार के अन्य सदस्यों और परिचितों ने मिठाइयां बांटकर खुशी साझा की।

