आगर-मालवा के चापाखेड़ा में एक साथ कई दर्जन लोग बीमार: स्वास्थ्य विभाग ने गांव में लगाया शिविर, घर-घर सर्वे कर मरीजों को दी दवाइयां
Published:
2 min read

ग्राम चापाखेड़ा में स्वास्थ्य विभाग ने लगाया शिविर।
आगर-मालवा। जिले के नलखेड़ा क्षेत्र के ग्राम चापाखेड़ा में बुखार और जोड़ों के दर्द से कई दर्जन लोग बीमार हैं। ग्रामीणों के अनुसार, पिछले 8 से 10 दिनों से लोग इन परेशानियों से जूझ रहे हैं। लगातार बढ़ते मामलों की जानकारी मिलने पर स्वास्थ्य विभाग की टीम शनिवार को गांव पहुंची और स्वास्थ्य शिविर लगाकर मरीजों की जांच और उपचार शुरू किया।
घर-घर जाकर जुटाई बीमार लोगों की जानकारी
स्वास्थ्य विभाग की टीम ने गांव में घर-घर जाकर बीमार लोगों की जानकारी जुटाई। इसके बाद स्वास्थ्य शिविर में मरीजों का परीक्षण किया गया। बुखार और जोड़ों के दर्द से पीड़ित लोगों को जरूरी दवाइयां दी गईं। साथ ही उन्हें उपचार के दौरान सावधानियां बरतने की सलाह भी दी गई।
बीमारी के कारणों का पता लगाने में जुटा विभाग
गांव में एक साथ कई लोगों के बीमार होने से स्वास्थ्य विभाग सतर्क है। फिलहाल बीमारी के कारणों का पता जांच रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा। ग्रामीण भी रिपोर्ट का इंतजार कर रहे हैं। स्वास्थ्य विभाग की टीम गांव की स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है।
सरपंच ग्राम पंचायत चापाखेड़ा
पवन वेदिया, बीजेपी नेता
डॉ नन्द किशोर बैरागी, स्वास्थ्य विभाग

