जज से 500 करोड़ की फिरौती मांगने वाला गिरफ्तार: 74 साल के बुजुर्ग ने दूसरे को फंसाने के लिए धमकी भरा लेटर भेजा, हैंडराइटिंग मैच होने पर पकड़ा गया
Published:
2 min read

सिंबोलिक इमेज
मध्यप्रदेश के रीवा में महिला जज को धमकी देकर 500 करोड़ की फिरौती मांगी गई थी। इस मामले में गुरुवार को उत्तर प्रदेश के प्रयागराज से 74 साल के बुजुर्ग को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस का कहना है कि पुरानी दुश्मनी के चलते बदला लेने के लिए धमकी वाले नोट में विरोधी का नाम लिखा था। लेकिन चाल उल्टी पड़ गई। हैंडराइटिंग मैच होने पर उसे अरेस्ट कर लिया गया।
दरअसल, रीवा जिले के त्योंथर कोर्ट में पदस्थ मजिस्ट्रेट मोहिनी भदौरिया को 2 सितंबर को एक लेटर मिला जिसमें जान से मारने की धमकी दी गई थी। 28 अगस्त को प्रयागराज से यह लेटर भेजा गया था। जिसमें लिखा था अगर जिंदा रहना है तो 500 करोड़ रुपए दे दो। इस लेटर पर संदीप सिंह नाम का साइन था। कथित तौर पर संदीप सिंह डाकू हनुमान गिरोह से जुड़ा हुआ है।
फोरेंसिक जांच और CCTV से हुआ खुलासा
जज की शिकायत पर रीवा के SP विवेक सिंह ने एक स्पेशल टीम का गठन किया। लेटर भेजने वाले की तलाश शुरू की गई। शुरुआत में शक के आधार पर प्रयागराज के रहने वाले संदीप सिंह की हैंडराइटिंग के सैंपल लिए गए। गांव में पूछताछ करने और फोरेंसिक जांच के बाद पता चला की संदीप को फंसाया जा रहा है।
प्रयागराज के RMS पोस्ट ऑफिस के CCTV फुटेज का खंगाला गया। जिससे पता चला कि 74 साल के देवराज सिंह ने रजिस्टर्ड पोस्ट से लेटर भेजा है। देवराज शंकरगढ़ कस्बे के राजाकोठी का रहने वाला है।
पुरानी दुश्मनी का बदला लेना चाहता था बुजुर्ग
पुलिस की इन्वेस्टिगेशन में पता चला कि बुजुर्ग देवराज की संदीप सिंह से दुश्मनी है। जिसके चलते बदला लेने के लिए बुजुर्ग ने ये प्लान बनाया। पुलिस ने बताया कि कुछ दिनों पहले संदीप ने बुजुर्ग देवराज पर हमला किया था जिसके बाद देवराज ने बारा पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज करवाई थी। लेकिन पुलिस के द्वारा कोई एक्शन नहीं लिया गया। इसी वजह से उसने पूरी साजिश रची।
SP संदिप सिंह ने बताया कि पूछताछ के दौरान देवराज ने गुनाह कबूल किया। देवराज ने बताया कि वह संदीप सिंह को फंसाना चाहता था। इसलिए धमकी वाले लेटर में उसका नाम लिखा और 500 करोड़ की मांग भी कर दी।

