ईरान को ट्रम्प की धमकी: बोले- जीत तक जंग जारी रहेगी, IRGC का पलटवार- हम तय करेंगे जंग कब खत्म होगी
Published:
3 min read

सिम्बॉलिक इमेज (AI)
इंटरनेशनल डेस्क। अमेरिका और ईरान के बीच जारी जंग को लेकर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प का बयान एक बार फिर चर्चा में है। सोमवार को ट्रम्प ने कहा कि ईरान के खिलाफ अमेरिका और इजराइल की जॉइंट स्ट्राइक लगभग पूरी हो चुकी है और जंग अपने लास्ट स्टेज में है। लेकिन कुछ ही घंटे बाद अपने बयान से पलटते हुए कहा कि अमेरिका ने अभी पूरी जीत हासिल नहीं की है और जंग तब तक जारी रहेगा जब तक ईरान को पूरी तरह हरा नहीं दिया जाता। इससे पहले ट्रम्प ने जंग चार पांच-हफ्ते चलने की बात कही थी।
वहीं दूसरी ओर ईरान की आर्मी IRGC ने ट्रम्प के बयान को बेतुका बताते हुए कहा- यह जंग भले ही अमेरिका ने शुरू की थी, लेकिन इसे ईरान खत्म करेगा।
ट्रम्प की ईरान को चेतावनी
ट्रम्प ने सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा- अगर ईरान ने होर्मुज स्ट्रेट से तेल की सप्लाई रोकने की कोशिश की तो अमेरिका उससे 20 गुना ज्यादा ताकत से जवाब देगा। इससे ईरान के लिए दोबारा राष्ट्र के रूप में खड़ा होना लगभग असंभव हो जाएगा।
जंग को लेकर कन्फ्यूज नजर आए ट्रंप
ट्रम्प ने सोमवार को एक इंटरव्यू में कहा कि ईरान के खिलाफ अर्मी ऑपरेशन तय समय से काफी आगे निकल चुका है और कई मायनों में जंग लगभग खत्म माना जा सकता है। ईरान की नेवी, कम्युनिकेशन सिस्टम और एयरफोर्स को बड़ा नुकसान हुआ है। लेकिन बाद में रिपब्लिकन कार्यक्रम में बोलते हुए उन्होंने कहा- अमेरिका ने अभी पर्याप्त जीत हासिल नहीं की है। जंग तब तक खत्म नहीं होगी जब तक ईरान पूरी तरह हार नहीं जाता।
जंग ईरान खत्म करेगा- IRGC
ट्रम्प के बयानों पर ईरान की सेना IRGC ने पलटवार करते हुए कहा- जंग कब खत्म होगी यह अमेरिका नहीं बल्कि ईरान तय करेगा। उन्होंने ट्रम्प के बयान को बकवास बताते हुए चेतावनी दी कि अगर अमेरिका और इजराइल के हमले जारी रहे तो गल्फ रीजन से एक लीटर तेल भी बाहर नहीं जाने दिया जाएगा।
होर्मुज स्ट्रेट पर खतरा
ईरान की इस वॉर्निंग का असर ग्लोबल एनर्जी सप्लाई पर पड़ सकता है। स्ट्रेट ऑफ होर्मुज दुनिया के सबसे अहम क्रूड रूट में से एक है। यहां से ग्लोबल ऑयल और गैस सप्लाई का करीब 20% हिस्सा गुजरता है। जंग के कारण यह रास्ता लगभग ठप है और सैकडों तेल टैंकर फंसे हुए हैं। इसका असर ग्लोबल मार्केट पर भी दिखाई दे रहा है। मार्केट में कच्चे तेल की कीमत 110 डॉलर प्रति बैरल के पार पहुंच गई है और कुछ समय के लिए 119 डॉलर प्रति बैरल तक भी चली गई। यह 2022 के बाद तेल की कीमतों में सबसे बड़ी तेजी मानी जा रही है।
लंबी जंग की तैयारी में ईरान
ईरानी अफसरों का कहना है कि हम लंबी लड़ाई के लिए तैयार है। IRGC का दावा है कि उनके पास बैलिस्टिक और क्रूज मिसाइलों के साथ बड़ी संख्या में ड्रोन मौजूद हैं। ईरान कम से कम छह महीने तक जंग जारी रखने की क्षमता रखता है और आने वाले दिनों में ज्यादा लंबी दूरी की मिसाइलों का इस्तेमाल किया जा सकता है।

