US में क्रैश के दौरान भारतीय मूल के पायलट की मौत: वेडिंग डेस्टिनेशन से हनीमून पर जा रहा था कपल; नर्स पत्नी ने पल्स चेक की, कहा- वो अब नहीं रहे
Published:
3 min read

अमेरिका में शादी के बाद हनीमून के लिए जा रहे भारतीय मूल के पायलट की हेलिकॉप्टर क्रैश होने के बाद मौत हो गई।
इंटरनेशनल डेस्क. अमेरिका में शादी की खुशियां हेलिकॉप्टर हादसे की वजह से मातम में बदल गई। भारतीय मूल के 26 साल के पायलट डेव फिजी की शादी के कुछ ही घंटे बाद हेलिकॉप्टर क्रैश में मौत हो गई। डेव अपनी नई दुल्हन जेस्नी के साथ हनीमून के लिए जा रहे थे, लेकिन यह सफर उनका अखिरी सफर साबित हुआ।
डेल्टा एयरलाइंस पायलट थे डेव
डेव फिजी अमेरिकी एयरलाइन कंपनी डेल्टा एयर लाइंस में फर्स्ट ऑफिसर के तौर पर काम करते थे। उनका परिवार मूल रूप से केरल से है। शुक्रवार को डेव ने जेस्नी से शादी की थी। दोनों एक-दूसरे को करीब 10 साल से जानते थे और उनकी मुलाकात चर्च में हुई थी।

हनीमून से पहले क्रैश
शादी का कार्यक्रम खत्म होने के बाद नवविवाहित जोड़ा रॉबिन्सन R66 हेलिकॉप्टर में सवार हुआ। उन्हें जॉर्जिया के डीकैल्ब-पीचट्री एयरपोर्ट जाना था। यह उड़ान शादी के बाद एक खास विदाई के तौर पर आयोजित की गई थी। लेकिन हेलिकॉप्टर उड़ान भरने के कुछ समय बाद ही डॉसन काउंटी के जंगल वाले इलाके में क्रैश हो गया। हादसे की जगह शादी स्थल से ज्यादा दूर नहीं थी।
पत्नी ने नब्ज टटोली, कहा- डेव अब नहीं रहा
डेव के पिता जॉर्ज फिजी ने बताया कि हादसे के बाद हेलिकॉप्टर को ढूंढने में बचाव दल को काफी समय लग गया। इस दौरान जेस्नी घायल हालत में करीब छह घंटे तक मलबे में फंसी रहीं।
उन्होंने बताया कि जब जेस्नी को होश आया तो डेव का सिर उनकी गोद में था। उनके शरीर पर खून था और शरीर पूरी तरह ठंडा पड़ चुका था। जेस्नी खुद नर्स हैं, इसलिए वह समझ गई थीं कि डेव अब इस दुनिया में नहीं रहे। जेस्नी को भी चोटें आई हैं और उनका इलाज चल रहा है। वह शारीरिक रूप से ठीक हो रही हैं, लेकिन मानसिक रूप से पूरी तरह टूट चुकी हैं।

पायलट ने नहीं मानी डेव की सलाह
इस हादसे की सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि डेव ने उड़ान भरने से पहले खराब मौसम को लेकर चिंता जताई थी। उनके पिता के अनुसार, डेव ने हेलिकॉप्टर पायलट से कहा था कि विजिबिलिटी लगभग जीरो है और ऐसी परिस्थितियों में आमतौर पर उड़ान नहीं भरी जाती।
जॉर्ज फिजी के मुताबिक, डेव खुद एक ट्रेंड पायलट थे और खराब मौसम में जोखिम नहीं उठाना चाहते थे। लेकिन हेलिकॉप्टर के पायलट ने उन्हें भरोसा दिलाया कि वह ज्यादा ऊंचाई पर उड़ान भरेंगे और कोई समस्या नहीं होगी। कुछ ही देर बाद हेलिकॉप्टर क्रैश हो गया।
जांच शुरू
अमेरिका की नेशनल ट्रांसपोर्टेशन सेफ्टी बोर्ड (NTSB) ने हादसे की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल यह साफ नहीं हो पाया है कि हादसे की वजह क्या थी। जांच एजेंसियां मौसम, टेक्निकल प्रॉब्लम और दूसरे कारणों की पड़ताल कर रही हैं।

