यूरोप में फ्लाइट्स को बम की फर्जी धमकियां: 4 देशों में 6 प्लेन्स की इमरजेंसी जांच, फाइटर जेट्स ने किया एस्कॉर्ट
Published:
3 min read

यूरोप में कई पैसेंजर फ्लाइट्स को बम से उड़ाने की धमकियां मिलीं। - फ्लाइट
इंटरनेशनल डेस्क। यूरोप के एयरस्पेस में मंगलवार पैसेंजर फ्लाइट्स को बम से उड़ाने की धमकियां मिलीं। ये धमकियां एक के बाद एक दी गईं। पोलैंड, स्पेन, इटली और बुल्गारिया में कम से कम 6 फ्लाइट्स इफेक्टेड हुईं। कुछ विमानों को नजदीकी एयरपोर्ट पर डायवर्ट किया गया। वहीं, कुछ की लैंडिंग के बाद उन्हें आइसोलेशन बे (Isolation Bay) में ले जाया गया। वहां उनकी बारीकी से तलाशी ली गई।
अलर्ट मिलते ही इन चारों देशों ने बम डिस्पोजल स्क्वॉड और स्पेशल काउंटर टेररिज्म यूनिट्स को एक्टिव कर दिया। राहत की बात रही कि स्पेन, इटली और पोलैंड में जांच के दौरान किसी भी विमान में विस्फोटक नहीं मिला। सभी धमकियां होक्स (Hoax) साबित हुईं। इस सिक्योरिटी अलर्ट से LOT Polish Airlines, SAS और Ryanair जैसी बड़ी एयरलाइंस की फ्लाइट्स भी प्रभावित हुईं।
लंदन से आ रही फ्लाइट डायवर्ट
पोलैंड में सबसे ज्यादा अफरातफरी देखने को मिली। लंदन हीथ्रो से वारसॉ चोपिन एयरपोर्ट आ रही LOT Polish Airlines की Boeing 737 MAX फ्लाइट को सुबह 9:54 बजे बम की धमकी मिली। इसके बाद विमान को तुरंत वारसॉ-मोडलिन एयरपोर्ट की ओर डायवर्ट कर दिया गया।
विमान में 181 पैसेंजर्स और क्रू मेंबर्स सवार थे। यह सुबह 10:01 बजे सुरक्षित लैंड हुआ। प्रिकॉशन के तौर पर मोडलिन एयरपोर्ट को कुछ समय के लिए बंद कर दिया गया। सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। इसके बाद विमान की तलाशी ली गई, लेकिन कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला।
इसके अलावा, कोपेनहेगन से वारसॉ पहुंची SAS की एक फ्लाइट को भी अलर्ट मिली। विमान को एयरपोर्ट पर अलग ले जाकर चेक किया गया। इसके चलते वारसॉ चोपिन एयरपोर्ट का एक रनवे कुछ समय के लिए बंद करना पड़ा।
स्पेन और इटली में भी सिक्योरिटी अलर्ट
स्पेन (मर्सिया एयरपोर्ट)- मैनचेस्टर से आ रही Ryanair की एक फ्लाइट को बम की धमकी मिली। इसके बाद विमान को सुबह 10:30 बजे स्पेन के मर्सिया एयरपोर्ट पर सुरक्षित लैंड कराया गया। फ्लाइट में 114 पैसेंजर्स और 7 क्रू मेंबर्स सवार थे। सभी को तुरंत सुरक्षित जगह पर शिफ्ट किया गया। इसके बाद स्पेनिश सिविल गार्ड और बम डिस्पोजल स्क्वॉड ने विमान की तलाशी ली। जांच में कोई विस्फोटक नहीं मिला और धमकी फर्जी साबित हुई।
इटली (रोम फिमिसिनो एयरपोर्ट)-रोम के फिमिसिनो एयरपोर्ट पर लिस्बन और डबलिन से पहुंची रयानएयर की दो अलग-अलग फ्लाइट्स को बम धमकियां मिलीं। इसके बाद इटली के सिक्योरिटी फोर्सेज और बम डिस्पोजल स्क्वॉड ने दोनों विमानों की जांच की। यात्रियों और उनके सामान की भी तलाशी ली गई। जांच में कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला।
इजराइल से आई फ्लाइट की जांच
सोफिया में भी एक विमान को ईमेल के जरिए बम की धमकी मिली। इसके बाद एयरपोर्ट पर स्पेशल एंटी-टेररिज्म अधिकारियों ने जांच शुरू कर दी।
इससे ठीक एक दिन पहले भी ऐसी ही घटना हुई थी। लंदन ल्यूटन से सोफिया जा रही विज एयर की एक फ्लाइट को बम की धमकी मिली थी। इसके बाद विमान को बुडापेस्ट डायवर्ट कर दिया गया। उस दौरान हंगरी के एयर डिफेंस सिस्टम ने ग्रिपेन फाइटर जेट्स भेजे। इन फाइटर जेट्स ने विमान को सुरक्षा घेरे में लिया था।

