ट्रम्प ने ब्राजील के चुनाव को बताया इंडिया का इलेक्शन: सोशल मीडिया पर ट्रोल हुए; यूजर्स ने पूछा- क्या अमेरिकी राष्ट्रपति अलग ही दुनिया में हैं
Published:
3 min read

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ब्राजील के इलेक्शन को इंडिया का इलेक्शन बताने के बाद सोशल मीडिया पर ट्रोल हो गए। फाइल फोटाे
इंटरनेशनल डेस्क। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प अपने बयान को लेकर एक बार फिर सोशल मीडिया पर ट्रोल हो गए । इस बार ट्रम्प ने भारत और ब्राजील के चुनावों को लेकर ऐसा बयान दिया, जिससे लोगों के बीच कन्फ्यूजन पैदा हो गया। सोशल मीडिया यूजर्स ने ट्रम्प पर कॉमेन्ट किया- क्या ट्रम्प किसी अलग ही दुनिया में रह रहे हैं? भारत में आज कौन सा राष्ट्रपति चुनाव हुआ? वहीं एक दूसरे यूजर ने पूछा, जब बात ब्राजील के चुनाव की हो रही थी, तो बीच में भारत कहां से आ गया?
ट्रम्प अपने किस स्टेटमेंट पर ट्रोल हुए
दरअसल, Truth Social पर ट्रम्प ने लिखा - भारत के राष्ट्रपति चुनाव के पहले राउंड में आज 125 मिलियन (12.5 करोड़) लोगों ने वोट किया और रिजल्ट भी आ गया। दूसरी तरफ डेट्रॉइट, फिलाडेल्फिया, कैलिफोर्निया और कई दूसरे अमेरिकी शहरों और राज्यों में बहुत कम वोटों की गिनती हुई है, मेरा मतलब Rig करने में हफ्तों लग जाते हैं। अमेरिका में वोटिंग पूरी तरह करप्ट है।

इंडिया में नहीं, ब्राजील में हुआ था चुनाव
इंडियन इलेक्शन का उदाहरण देते हुए ट्रम्प ने अमेरिका की वोटिंग प्रोसेस पर बोला और इसे करप्ट तक बता दिया। हालांकि, हकीकत यह है कि रविवार को भारत में कोई इलेक्शन हुआ ही नहीं था। जिस चुनाव का ट्रम्प जिक्र कर रहे थे, वह दरअसल साउथ अमेरिकन कंट्री ब्राजील में हुआ था। ट्रम्प का यह बयान ब्राजील में रविवार को हुए प्रेसिडेंशियल इलेक्शन के पहले राउंड के तुरंत बाद सामने आया।
वोटिंग के आंकड़ों से कन्फ्यूजन
ब्राजील के सुपीरियर इलेक्टोरल कोर्ट (TSE) के मुताबिक, वहां कुल करीब 12.52 करोड़ यानी की 125.27 मिलियन वैलिड वोट डाले गए थे। ट्रम्प ने इसी आंकड़े को उठाकर इसे भारत के चुनाव से जोड़ दिया।
ब्राजील में पूर्व प्रेसिडेंट के बेटे जीते
पहले राउंड में 99.99% वोटों की काउंटिंग के बाद फ्लेवियो बोलसोनारो, जो पूर्व राष्ट्रपति जायर बोलसोनारो के बेटे हैं, जिसको 47.03% वोट मिले, जबकि मौजूदा राष्ट्रपति लुइजइनासियो लूला डा सिल्वा को 45.16% वोट मिले। दोनों ही 50% का आंकड़ा पार नहीं कर सके, जिसके चलते अब 25 अक्टूबर को रनऑफ यानी दूसरे राउंड की वोटिंग होगी।
ब्राजील में होती है इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग
ब्राजील पिछले कई बार से इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग सिस्टम का इस्तेमाल कर रहा है, इसलिए करोड़ों वोटों की काउंटिंग के नतीजे कुछ ही घंटों में सामने आ जाते हैं। इसी सिस्टम का उदाहरण देकर ट्रम्प ने अमेरिकी वोटिंग प्रोसेस पर बोल, लेकिन पोस्ट में ब्राजील की जगह गलती से भारत का नाम लिख दिया।
भारत में जनता सीधे नहीं चुनती राष्ट्रपति
ट्रम्प की यह पोस्ट सामने आते ही सोशल मीडिया यूजर्स ने उन्हें तुरंत फैक्ट-चेक करना शुरू कर दिया। भारत भले ही दुनिया का सबसे बड़ा लोकतंत्र है, लेकिन भारत में राष्ट्रपति का चुनाव सीधे आम जनता के वोटों (Direct Popular Vote) से नहीं होता। भारत में राष्ट्रपति को एक इलेक्टोरल कॉलेजियम के जरिए इनडायरेक्ट तरीके से चुना जाता है। इसमें संसद के दोनों सदनों लोकसभा और राज्यसभा के चुने हुए सदस्य और राज्यों की स्टेट असेंबली के इलेक्टेड मेंबर्स वोट डालते हैं।

