अर्मेनिया की संसद में लात-घूंसे: लोग LIVE देख रहे थे; एक स्टेटमेंट से शुरू हुआ विवाद, यहां पूरा मामला
Published:
3 min read

अर्मेनिया की संसद में चुनावी बयान को लेकर रूलिंग पार्टी और विपक्ष के सांसद भिड़ गए। मारपीट में सांसदों को चोटें आईं और एंबुलेंस बुलानी पड़ी।
इंटरनेशनल डेस्क। अर्मेनिया की संसद में बुधवार को बहस के दौरान सांसद आपस में भिड़ गए। रूलिंग पार्टी और विपक्ष के नेताओं के बीच पहले बहस हुई। इसके बाद मामला मारपीट तक पहुंच गया। सांसदों ने एक-दूसरे पर लात-घूंसे चलाए। यह पूरी घटना संसद के लाइव टेलिकास्ट में कैद हो गई। मारपीट संसद के कॉरीडोर तक पहुंच गई। वहां सुरक्षाकर्मियों और दूसरे सांसदों को बीच-बचाव करना पड़ा।
एक बयान से शुरू हुआ पूरा विवाद
यह विवाद चुनाव के दौरान किए गए एक बयान को लेकर शुरू हुआ था। संसद में ऑडिट चैंबर के एक मेंबर के चुनाव पर चर्चा चल रही थी। इसी दौरान रुलिंग सिविल कॉन्ट्रैक्ट पार्टी के सांसद टारोन चखोयान ने विपक्षी नेता नारेक करापेत्यान के एक रिश्तेदार के बयान का जिक्र किया। इस बयान में कहा गया था कि अगर विपक्ष सत्ता में आया तो महिलाओं की जरूरतें पूरी करने के लिए एक अलग मिनिस्ट्री बनाई जाएगी।
संसद के गलियारे में भी झगड़ा जारी रहा
आर्मेनिया की न्यूज एजेंसी आर्मेनप्रेस के मुताबिक, चखोयान ने करापेत्यान से कहा कि उनके चचेरे भाई ने अब तक इस स्टेटमेंट के लिए माफी नहीं मांगी है। इस पर विपक्षी नेता ने अपनी सीट से जवाब दिया। इसके बाद वे पोडियम की ओर बढ़े। इसी दौरान दोनों पक्षों के बीच धक्का-मुक्की और मारपीट शुरू हो गई। देखते ही देखते दूसरे सांसद भी इसमें शामिल हो गए। कुछ सांसदों ने एक-दूसरे को मुक्के मारे और लातें चलाईं। संसद के गलियारे में भी झगड़ा जारी रहा।
स्पीकर ने करोपेत्यान को जिम्मेदार ठहराया
संसद के स्पीकर रुबेन रुबिन्यान ने घटना के लिए विपक्षी नेता करापेत्यान को जिम्मेदार ठहराया। उन्होंने कहा कि उन्होंने ब्रेक के दौरान घटना का वीडियो देखा था। उनके मुताबिक, चखोयान ने अपनी बात में कोई आपत्तिजनक टिप्पणी नहीं की थी। स्पीकर ने करापेत्यान से कहा कि वे अपना गुस्सा काबू नहीं कर पाए और पहले सीट से आपत्तिजनक बातें कहीं। इसके बाद उठकर चखोयान पर हमला करने की कोशिश की।
स्पीकर बोले- लाइव टेलिकास्ट जानबूझकर बंद नहीं कराया
स्पीकर ने यह भी कहा कि मारपीट शुरू होने के बाद विपक्षी सांसद गार्निक दावत्यन ने चखोयान को मारा था। उन्होंने बताया कि लाइव टेलिकास्ट जानबूझकर बंद नहीं कराया गया, ताकि जनता संसद के अंदर हो रही घटना को देख सके। मारपीट के बाद संसद भवन में एंबुलेंस पहुंची। UNN की रिपोर्ट के मुताबिक, विपक्षी सांसद आंदरणिक गेवरग्यान की नाक से खून निकल रहा था। वहीं सांसद रुबेन मखितार्यान के कपड़े फट गए थे।

