रायपुर में सूने मकानों में चोरी करने वाले गैंग का खुलासा: महिला समेत 3 आरोपी गिरफ्तार, 7 लाख के जेवर बरामद; पुलिस ने खंगाले हजारों CCTV
Published:
3 min read

टिकरापारा में सूने मकानों को निशाना बनाने वाला गिरोह पकड़ाया।
रायपुर। टिकरापारा थाना क्षेत्र में सूने मकानों में चोरी की दो वारदातों का पुलिस ने खुलासा किया है। एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और टिकरापारा पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में एक महिला समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 7 लाख रुपए कीमत के सोने-चांदी के आभूषण बरामद किए हैं।
रावतपुरा के दो सूने मकानों को बनाया निशाना
पहला मामला रावतपुरा फेस-2 निवासी श्याम तांती की शिकायत से जुड़ा है। उनके घर में 15 से 17 सितंबर 2026 के बीच चोरी हुई थी। अज्ञात आरोपी ताला तोड़कर घर में घुसे और आलमारी से सोने-चांदी के आभूषण, नकदी तथा बाथरूम और किचन के नल चोरी कर ले गए। इस मामले में टिकरापारा थाने में अपराध क्रमांक 876/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 331(4) और 305 में मामला दर्ज किया गया।
दूसरी वारदात रावतपुरा कॉलोनी निवासी देवनारायण साहू के सूने मकान में हुई। यहां 7 सितंबर से 18 अक्टूबर के बीच ताला तोड़कर सोने के जेवर और चांदी का सिक्का चोरी कर लिया गया। इस मामले में अपराध क्रमांक 978/26 दर्ज किया गया।
हजारों CCTV फुटेज खंगालकर आरोपियों तक पहुंची पुलिस
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस उपायुक्त क्राइम एवं साइबर स्मृतिक राजनाला और पुलिस उपायुक्त पश्चिम जोन रॉबिन्सन गुरिया ने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी के निर्देश दिए। जांच के दौरान दोनों वारदातों में चोरी करने का तरीका एक जैसा मिला। इसके बाद पुलिस ने आसपास के हजारों CCTV फुटेज खंगाले, तकनीकी साक्ष्य जुटाए और मुखबिरों की मदद ली। चोरी के पुराने मामलों में जेल जा चुके और हाल ही में रिहा हुए आरोपियों पर भी नजर रखी गई। जांच के दौरान लक्ष्मण महानंद और शेख खोकन की पहचान हुई। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में दोनों ने चोरी की दोनों वारदातों में शामिल होना स्वीकार किया।
चोरी के जेवर बेचने में महिला की भूमिका
जांच में सामने आया कि दूसरी चोरी के कुछ आभूषण बेचने के लिए आरोपी दुरपती बाई साहू को दिए गए थे। इसके बाद पुलिस ने उसे भी गिरफ्तार कर लिया। तीनों आरोपियों की निशानदेही पर चोरी के आभूषण बरामद किए गए हैं।
पहले भी चोरी के मामले में जेल जा चुका है आरोपी
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी लक्ष्मण महानंद पहले भी टिकरापारा थाना क्षेत्र में चोरी के मामलों में जेल जा चुका है। पुलिस अब बरामद आभूषणों और दोनों वारदातों से जुड़े अन्य तथ्यों की जांच कर रही है। संयुक्त कार्रवाई के बाद पुलिस ने चोरी के मामलों में आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

