बंगाल में फिल्म रिलीज नहीं हुई तो कानूनी रास्ता अपनाएंगे: ‘द बंगाल फाइल्स’ के डायरेक्टर बोले- फिल्म ईमानदारी से बनी है..बंगाली इस पर गर्व करेंगे
Published:
3 min read

बंगाल में फिल्म का ट्रेलर रिलीज नहीं होने दिया गया। इस पर विवेक का कहना था कि ये सब पॉलिटिकल प्रेशर के चलते हुआ है।
फिल्ममेकर विवेक अग्निहोत्री ने कहा कि अगर उनकी फिल्म ‘द बंगाल फाइल्स’ को पश्चिम बंगाल में रिलीज नहीं करने दिया जाएगा, तो वे इसका जवाब कानूनी तरीके से देंगे।
एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में अग्निहोत्री ने ममता बनर्जी की तृणमूल कांग्रेस पर निशाना साधा। कहा- हम संविधान का रास्ता अपनाएंगे। हम आम नागरिक हैं। उम्मीद है कि राज्य सरकार ऐसा न करे।
दरअसल, शनिवार (16 अगस्त) को कोलकाता में फिल्म द बंगाल फाइल्स के ट्रेलर रिलीज के दौरान हंगामा मच गया था। पुलिस ने इवेंट रुकवा दिया था। इस मामले पर फिल्म की एक्ट्रेस पल्लवी जोशी ने आरोप लगाया था कि ट्रेलर लॉन्च को जबरन रोक दिया गया।

गोपाल चंद्र मुखर्जी के किरदार पर भी विवाद
फिल्म में एक किरदार गोपाल चंद्र मुखर्जी का भी है। कहा जाता है कि गोपाल मुखर्जी ने 1946 में कोलकाता में दंगे के दौरान हिंदुओं की रक्षा के लिए लड़ाई लड़ी थी।
उनके पोते शांतनु का दावा है कि अग्निहोत्री की फिल्म में उनके दादा को कसाई बताया गया है। शांतनु मुखर्जी ने FIR भी दर्ज कराई है।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में विवेक ने इस बात पर भी सफाई दी। उन्होंने कहा, 'मैं उनके इतिहास में नहीं जाऊंगा। शांतनु आप उनका इंटरव्यू देखिए। मैं आपको सारे लिंक दे सकता हूं। BBC पर गोपाल मुखर्जी का एक इंटरव्यू है। उस इंटरव्यू में उन्होंने जो कहा है, हमने बस उतना ही दिखाया है। गोपाल मुखर्जी फिल्म में सिर्फ किरदार हैं, कहानी के सेंट्रल प्लॉट नहीं। मैंने उन्हें हीरो के रूप में दिखाया है। उनकी जिंदगी या राजनीति से मेरा कोई लेना-देना नहीं।'
'मैं गोपाल मुखर्जी की बहुत रिस्पेक्ट करता हूं। उनके पोते TMC के साथ काम करते हैं। वहां एक मजबूरी है। उन्होंने इसे कानूनी तौर पर किया है। हम इसका कानूनी जवाब दे रहे हैं।'

सेंसर बोर्ड से पास हुई फिल्म
विवेक ने कहा, ‘इस फिल्म में भारत के छिपे हुए सच को दिखाने की कोशिश की गई है। सेंसर बोर्ड ने इसे बिना किसी कट के अप्रूव किया है। यह फिल्म बड़ी जिम्मेदारी और ईमानदारी के साथ बनाई गई है। किसी को आपत्ति नहीं होनी चाहिए। मुझे यकीन है कि बंगाली इस फिल्म पर गर्व करेंगे।’
‘हमारा मकसद बिल्कुल साफ है। हम हिंदू सभ्यता और इतिहास की कहानियों को सामने लाना चाहते हैं। मैं खुद को इस लायक नहीं मानता कि इस्लामिक या क्रिश्चियन इतिहास पर फिल्म बनाऊं। उस पर मणिरत्नम और विशाल भारद्वाज जैसे डॉयरेक्टर्स पहले ही फिल्में बना चुके हैं।’

5 सितंबर को रिलीज होगी फिल्म
‘द बंगाल फाइल्स’ का डायरेक्शन विवेक अग्निहोत्री कर रहे हैं। राइटर भी विवेक ही हैं। फिल्म में मिथुन चक्रवर्ती, अनुपम खेर, दर्शन कुमार, और पल्लवी जोशी लीड रोल में हैं। यह 5 सितंबर को वर्ल्ड वाइड रिलीज होगी। द फाइल्स ट्रायलॉजी की यह तीसरी फिल्म है। विवेक इससे पहले द ताशकंद फाइल्स और द कश्मीर फाइल्स बना चुके हैं। द कश्मीर फाइल्स ने लाइफटाइम 340 करोड़ रुपए का कलेक्शन किया था।

