10 महीने में तैयार हुई रश्मिका-विजय की वेडिंग ज्वेलरी: ‘किंग और गॉडेस’ कॉन्सेप्ट पर बना रॉयल लुक; उदयपुर में रॉयल शादी हुई
Published:
3 min read

एंटरटेनमेंट डेस्क. उदयपुर में हुई विजय देवरकोंडा और रश्मिका मंदाना की ग्रैंड वेडिंग लगातार चर्चा में है। अब कपल के रॉयल वेडिंग लुक से जुड़ी कुछ डिटेल्स सामने आई है। फेमस ज्वेलरी ब्रांड श्री ज्वेलर्स ने बताया कि दोनों की शादी की ज्वेलरी तैयार करने में पूरे 10 महीने का समय लगा था।
NDTV से बातचीत में ब्रांड ने बताया कि इस ज्वेलरी को सिर्फ सजाने के लिए नहीं, बल्कि लिगेसी (Legacy) के तौर पर डिजाइन किया गया था।
‘मिथिकल किंग’ से इन्सपायर्ड था विजय का लुक
ज्वेलरी डिजाइनर्स के मुताबिक, विजय देवरकोंडा का वेडिंग लुक पारंपरिक ग्रूम स्टाइल से बिल्कुल अलग रखा गया था। उन्होंने स्टेटमेंट स्नेक-चेन नेकलेस के साथ टेंपल स्टाइल लंबा हार पहना था। इसमें पारंपरिक डिजाइन बनाए गए थे। उनके लुक में गोल्ड स्टड इयररिंग्स, कड़ा स्टाइल ब्रेसलेट, वॉरियर लुक देने वाला गोल्ड हैंडकफ, डायमंड इंगेजमेंट रिंग और पारंपरिक गोल्ड रिंग शामिल रही। विजय की ज्वेलरी में हाथी के पैटर्न बनाए गए थे। नक्काशी (Nakshi work), ब्रेडेड टेक्सचर और रवा डिटेलिंग ने उन्हें एक रॉयल लुक दिया था।
देवी रूप में दिखीं रश्मिका मंदाना
रश्मिका मंदाना का ब्राइडल लुक पूरी तरह साउथ इंडियन टेंपल ज्वेलरी एस्थेटिक्स पर आधारित था। उन्होंने कॉलरबोन पर सजा स्ट्रक्चर टेंपल चोकर पहना, जिसमें मां लक्ष्मी के पैटर्न और हाथ से की गई ग्रेन्यूलेशन वर्क दिखाई दी। इसके साथ कसू माला (गोल्ड कॉइन नेकलेस) और पारंपरिक मैंगो डिजाइन चेन को लेयर किया गया, जिससे रिच और कैस्केडिंग इफेक्ट बना।
उनके लुक में गोल्डन झुमके, हेयर चेन, मांग टीका, गोल्ड कमरबंद, एंटीक आर्मलेट्स, हाथ फूल और कई गोल्ड कड़े शामिल थे। कुछ कंगन विजय के परिवार की ओर से दिए गए थे। डायमंड इंगेजमेंट रिंग ने पूरे ब्राइडल लुक को मॉडर्न टच दिया।

साउथ इंडियन मंदिर वास्तुकला से प्रेरणा मिली
Shree Jewellers ने बताया कि पूरी ज्वेलरी डिजाइन साउथ इंडियन मंदिर वास्तुकला से प्रेरित थी। ब्रांड के अनुसार, रश्मिका के लुक को गॉडेस के रूप में तैयार किया गया, जबकि विजय का वेडिंग स्टाइल एक किंग की तरह था।
डिजाइनर्स ने बताया- इस पूरे प्रोसेस में कॉन्सेप्ट डिजाइन, कस्टमाइजेशन, प्रोडक्शन, ट्रायल और फाइनल स्टाइलिंग शामिल रही। मास्टर आर्टीजन्स ने इस नक्काशी को हाथ से तैयार किया था। हाई-रिलीफ डिटेलिंग और एंटीक मैट फिनिश ने ज्वेलरी को पारंपरिक लेकिन भव्य पहचान दी। यह सिर्फ वेडिंग ज्वेलरी नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों तक चलने वाली विरासत के रूप में तैयार की गई है। इस वजह से इसे पूरा करने में 10 महीने लगे।

