रणवीर डॉन 3 विवाद सुलझाना चाहते थे : दावा- फरहान को 10 करोड़ का जुर्माना ऑफर किया था; जानें क्यों नहीं बनी बात
Published:
3 min read

एंटरटेनमेंट डेस्क. डॉन 3 विवाद की वजह से फिल्म फेडरेशन (FWICE) ने रणवीर सिंह के खिलाफ नॉन-कोऑपरेशन ऑर्डर जारी किया है। अब कुछ रिपोर्ट्स में कहा जा रहा है कि रणवीर ने मामले को सुलझाने के लिए पहले ही एक्सेल एंटरटेनमेंट को पैसे ऑफर किए थे।
बॉलीवुड हंगामा की रिपोर्ट में सूत्रों के हवाले से लिखा गया- मार्च में इंडस्ट्री के लोगों के बीच एक बहुत जरूरी मीटिंग हुई थी। इसमें आमिर खान, साजिद नाडियाडवाला, करण जौहर, फरहान अख्तर और रितेश सिधवानी भी मौजूद थे। इसी मीटिंग में रणवीर ने एक्सेल एंटरटेनमेंट को पैसे ऑफर किए थे।

रणवीर की टीम ने 10 करोड़ ऑफर किए
सूत्रों के मुताबिक, रणवीर की टीम ने एक्सेल एंटरटेनमेंट को 10 करोड़ का ऑफर दिया था। इसके अलावा उन्होंने यह भी ऑफर दिया कि अगर भविष्य में एक्सेल एंटरटेनमेंट रणवीर के साथ कोई दूसरी फिल्म बनाती है, तो एक्टर अपनी फीस में 25 करोड़ की छूट देंगे। उनके इस ऑफर का मकसद कंपनी को तुरंत मुआवजा देना था। साथ ही वह फ्यूचर में प्रोफेशनल रिश्ते बनाए रखना चाहते थे। लेकिन, फरहान अख्तर और रितेश सिधवानी को यह ऑफर पसंद नहीं आया।
सूत्र ने कहा- प्रोडक्शन हाउस का मानना था कि भविष्य में फीस में छूट देने वाला ऑफर उनके लिए कोई मायने नहीं रखता। वे आगे रणवीर के साथ काम नहीं करने वाले। कंपनी का कहना था कि लगातार देरी होने से उन्हें नुकसान उठाना पड़ा।
रणवीर को बैन करने पर FWICE ने सफाई दी
रणवीर को बैन करने की खबरों पर FWICE ने रिएक्शन दिया है। अशोक पंडित ने कहा- हम किसी को बैन नहीं कर सकते हैं। FWICE कोर्ट नहीं है। हमनें बस रणवीर के खिलाफ नॉन-कोऑपरेशन ऑर्डर जारी किया है।
ई-टाइम्स के इंटरव्यू में अशोक पंडित ने कहा- हमारी बातचीत को गलत तरीके से दिखाया गया। ये बैन नहीं है। नॉन-कोऑपरेशन का मतलब यह है कि हमारे 30 अलग-अलग विभागों (क्राफ्ट्स) से जुड़े सदस्य उनके साथ काम नहीं करेंगे। एक ट्रेड यूनियन के तौर पर हमने अपने सदस्यों को निर्देश दिया है कि जहां भी वो मौजूद होंगे, वहां वे काम नहीं करेंगे, जब तक यह मामला सुलझ नहीं जाता।

रणवीर ने 3 बार मीटिंग इनविटेशन इग्नोर किया
अशोक ने कहा- हमने पूरी कोशिश की। हमने उन्हें तीन बार इनविटेशन भेजा। कोई जवाब नहीं आया और फिर आखिरकार जब उन्हें पता चला कि हम प्रेस कॉन्फ्रेंस कर रहे हैं, तो उन्होंने मेल भेजा और कहा कि यह हमारे अधिकार क्षेत्र में नहीं आता। जब तक वह आकर हमारे साथ मीटिंग में शामिल नहीं होते, तब तक हमारा कोई भी मेंबर उनके साथ काम नहीं करेगा।
पूरा मामला क्या
डॉन 3 विवाद दिसंबर 2025 में शुरू हुआ था, जब रणवीर ने लगभग दो साल तक फिल्म से जुड़े रहने के बाद अचानक इसे छोड़ दिया। रिपोर्ट्स के मुताबिक, वो कहानी में हुए बदलावों से खुश नहीं थे। उसी समय उनकी फिल्म धुरंधर भी रिलीज हुई थी, जो बड़ी हिट साबित हुई। कहा गया कि फिल्म की सफलता को देखते हुए उन्होंने फरहान की मूवी से किनारा कर लिया है। हालांकि, बाद में उनके सूत्रों ने इन दावों को नकार दिया।
दूसरी ओर फरहान अख्तर और उनके पार्टनर रितेश सिधवानी का कहना था कि रणवीर की सहमति के आधार पर डॉन 3 की प्री-प्रोडक्शन पर काफी पैसा खर्च किया जा चुका था। प्रोड्यूसर्स ने यह भी आरोप लगाया कि एक्टर लगातार डेट्स और शेड्यूल को लेकर देरी कर रहे थे। फिर फिल्म से अलग हो गए। इसी वजह से फरहान की प्रोडक्शन कंपनी एक्सल एंटरटेनमेंट ने एक्टर से 40 करोड़ मुआवजे की मांग की थी।

