वेलकम’ फेम मुश्ताक खान का 56 साल की उम्र में निधन: लंबे समय से कैंसर से पीड़ित थे; CM सरमा और कई एक्टर्स ने दी श्रद्धांजलि
Published: Updated:
3 min read

मुश्ताक खान ने 100 से अधिक फिल्मों और कई टीवी सीरियल्स में काम किया।
एंटरटेनमेंट डेस्क. वेटरन एक्टर मुश्ताक खान का 56 साल की उम्र में निधन हो गया। मुशताक को Welcome जैसी फिल्मों में सपोर्टिंग रोल्स में देखा गया। दरअसल वो लंबे समय से कैंसर से जूझ रहे थे। मुश्ताक खान के निधन के बाद असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने X पर पोस्ट कर अभिनेता को श्रद्धांजलि दी। उन्होंने लिखा, “अपनी बेहतरीन कॉमिक टाइमिंग से हमें हंसाने के लिए आपका शुक्रिया। मुश्ताक खान, आपकी आत्मा को शांति मिले! उनके पूरे परिवार और सभी प्रशंसकों के प्रति मेरी संवेदनाएं।”

फिल्ममेकर अनीस बज्मी ने खान को याद करते हुए इंस्टाग्राम पर एक भावुक पोस्ट शेयर किया। अभिनेता की तस्वीर शेयर करते हुए उन्होंने लिखा, “मुश्ताक भाई (मेरे बालू) के निधन की खबर से मैं नि:शब्द हूं। वह एक बेहद शानदार कलाकार और खूबसूरत इंसान थे। अल्लाह उनकी आत्मा को शांति दे और उनके परिवार व करीबियों को इस मुश्किल घड़ी में हिम्मत दे।

एक्टर संजय मिश्रा ने किया याद
संजय मिश्रा, जिन्होंने Welcome में मुश्ताक खान के साथ काम किया था, ने भी ANI से बातचीत के दौरान एक्टर को याद किया। उन्होंने कहा, “सुना था कि उनकी तबीयत खराब रहती थी, लेकिन वह चले जाएंगे, ऐसा सोचा नहीं था... यह बहुत दुखद खबर है। इसी के साथ उन्होंने कहा, “मेरी जिंदगी के एक समय में वह मेरे गार्जियन जैसे हो गए थे। जब भी मुझे जरूरत पड़ती थी, मैं उनसे सलाह ले लेता था। यह बेहद दुखद खबर है। वह बहुत अच्छे कलाकार थे, लेकिन उन्हें उतना क्रेडिट नहीं मिला, जिसके वह हकदार थे।
मध्य प्रदेश के बालाघाट में हुआ जन्म
मुश्ताक खान का जन्म 31 दिसंबर 1959 को मध्य प्रदेश के बालाघाट में हुआ था। बचपन से ही उन्हें अभिनय में खास दिलचस्पी थी। जब भी रामलीला में अभिनय करने का मौका मिलता, वह पूरे उत्साह के साथ किरदार निभाते थे। धीरे-धीरे एक्टिंग के प्रति उनका जुनून बढ़ता गया। कॉलेज के दिनों में उन्होंने थिएटर और नाटकों में काम करना शुरू किया। यहीं से उनके अभिनय करियर को एक नई दिशा मिली और आगे चलकर उन्होंने फिल्मों का रुख किया।
मुश्ताक खान ने अपने लंबे करियर में कई फिल्मों में छोटे लेकिन यादगार किरदार निभाए। उन्होंने मुझसे शादी करोगी, सड़क, दिल है कि मानता नहीं, साथी, आशिकी, जुनून, गुमराह, ‘गोपी किशन, राजा, वेलकम, गदर, क्रांतिवीर, हम हैं राही प्यार के, ‘नाराज’ और ‘सर’ जैसी फिल्मों में काम किया।फिल्मों के साथ-साथ मुश्ताक खान ने टेलीविजन पर भी अपनी पहचान बनाई।

