द बंगाल फाइल्स कॉन्ट्रोवर्सी: विवेक को रोल के लिए इनकार कर चुके थे मिथुन, कहा- सच्चाई सामने आनी चाहिए, फिल्म में वही दिखाया है
Published:
3 min read

एंटरटेनमेंट डेस्क. मिथुन चक्रवर्ती जल्द ही विवेक अग्निहोत्री की फिल्म ‘द बंगाल फाइल्स’ में लीड रोल में नजर आएंगे। दिलचस्प बात यह है कि वह अग्निहोत्री की बाकि दो फिल्मों - द ताशकंद फाइल्स (2019) और द कश्मीर फाइल्स (2022) का भी हिस्सा थे। हाल ही में एक इंटरव्यू में BJP के राज्यसभा मेंबर मिथुन ने पश्चिम बंगाल में ममता बनर्जी और उनकी सरकार पर फिल्म के ट्रेलर लॉन्च के दौरान हंगामे का आरोप लगाया।
द बंगाल फाइल्स की स्क्रीनिंग 16 अगस्त को कोलकाता में अचानक रोक दी गई। मिथुन ने इसे प्लान्ड कॉन्ट्रोवर्सी बताते हुए पूछा- अगर आपने ट्रेलर देखा ही नहीं, तो आप ट्रेलर लॉन्च इवेंट कैसे रोक सकते हैं?
सच्चाई चुभती है लोगों को
एक इंटरव्यू में मिथुन ने कहा- सच्चाई चुभती है लोगों को और इस वजह से वो कॉन्ट्रोवर्सी करते हैं। अगर हम झूठ बोलें तो आप कॉन्ट्रोवर्सी करो, लेकिन अगर हम सच बता रहे हैं तो यह सब करने की क्या जरूरत है। आपको तो जानना चाहिए कि क्या सच है। यह तो हमारे पैदा होने के भी पहले की बात है। इसको तो हमें जानना चाहिए कि आखिर उस समय क्या हुआ था।
हम इस फिल्म को देखने क्या सोच कर जाएं?
फिल्म के बारे में मिथुन ने कहा - यह फिल्म आपको 1946 के ग्रेट कोलकाता किलिंग की सच्चाई बताएगी। मुझे यह नहीं पता कि इसे अब तक क्यों छिपाया गया और अब भी छिपाया जा रहा है। आपको यह जरूर बता सकता हूं कि जब आप यह फिल्म देखने जाएंगे तो आपके सामने इसके पीछे का एक के बाद एक राज खुलता दिखेगा।
पहले इस रोल को नकार दिया था
मिथुन से जब कैरेक्टर के बारे में पूछा गया तो उन्होंने कहा- विवेक जब भी ऐसी फिल्में लिखता है तो मेरे लिए एक कैरेक्टर जरूर रखता है। उसे मेरे साथ काम करना अच्छा लगता है और मुझे भी। ‘द बंगाल फाइल्स’ में उसने मुझे एक किरदार दिया जो कि मेरे लिए अब तक का सबसे मुश्किल टास्क था। पहले तो मैंने मना कर दिया था।
मैंने विवेक से कहा- ये मैं कैसे करूंगा? मुझ से नहीं हो पाएगा। उसकी जीभ कटी है मैं कैसे डायलॉग बोलूंगा? वो कहता रहा कि दादा हो जाएगा। फिर मैंने बोल-बोल कर प्रैक्टिस की और एक बार जब उसके सामने एक एक्सेंट निकला तो उसने कहा दादा यही चाहिए, परफेक्ट है।

