दिलजीत दोसांझ-हानिया आमिर कन्ट्रोवर्सी: कुमार विश्वास बोले- वो देश से नफरत कर रहे हैं, आप उनके साथ फिल्म बना रहे
Published:
3 min read

कवि कुमार विश्वास (File Photo)
दिलजीत दोसांझ की फिल्म सरदार-3 में पाकिस्तानी एक्ट्रेस हानिया आमिर को कास्ट करने पर बवाल मचा है। अब इस पर कुमार विश्वास ने प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने दिलजीत दोसांझ को फटकार लगाते हुए कहा, जो लोग तुम्हारे देश पर गोली चला रहे हैं, तुम्हारे देश से नफरत कर रहे हैं। देश का मजाक बनाने वाली लड़की के साथ आप फिल्म बना रहे हो।
कुमार विश्वास ने NDTV से बात करते हुए पाकिस्तानी कलाकारों के साथ काम करने वालों को जमकर लताड़ लगाई। उन्होंने भारत के कलाकारों को देश के प्रति जिम्मेदार होने की भी सलाह दी।
‘मैंने कई पाकिस्तानी शायरों को मंच दिया’
उन्होंने बताया, 'मैं भी पाकिस्तान में बहुत लोकप्रिय हूं। वहां मुझे 50 बार बुलाया गया है। लेकिन मैं एक बार भी वहां नहीं गया। ऐसा नहीं है कि मुझे वहां की आवाम से कोई दिक्कत है। वहां की आवाम बहुत अच्छी है। वहां के शायर बहुत अच्छे हैं। मेरे छोटे भाई जैसे हैं। पाकिस्तान के कुछ शायरों को मैने पहली बार मंच दिया। वहां तहजीब आजमी जैसे भी लोग हैं, जिनका बड़ा नाम हो गया। उन्हें दुबई में पहली बार मैं ही लेकर गया। खैर यह होना चाहिए।'
कुमार विश्वास ने कहा, 'लेकिन मेरा कहना यह है मैं तो मोहब्बत की बात करूं और आप वहां कलाकार होकर मेरे मुल्क के लिए नफरत की बात करें, मेरी फौज और मेरी सरकार के लिए नफरत की बात करें तो फिर ऐसी अमन की आशा का कबूतर आप अपनी मुंढेर (दिवार के बाहर) पर रखें, मेरे दरवाजे पर न भेजें।
स्टार्स को अहंकार हो गया- कुमार विश्वास
उन्होंने दिलजीत दोसांझ पर तंज कसते हुए कहा, स्टार्स को जो अहंकार हो गया है, वह बहुत गलत बात है। उन्होंने पूछा, आपको किसने बनाया है भाई, किसने पहनाए हैं महंगे जूते। उन्होंने ऑडियंस की तरफ इशारा करते हुए कहा- इन्होंने। हमारी जिम्मेदारी इनके प्रति और देश के प्रति है।
‘वो नफरत कर रहे, आप उनके साथ फिल्म बना रहे'
कवि कुमार विश्वास ने कहा, 'पुंछ सेक्टर में गोली चल रही है। इनके (जम्मू कश्मीर के लोगों) के घरों में तो गोले गिर रहे हैं। सिपाही, जो तिरंगे में लिपट कर आ रहा है। इन सबका मजाक बनाने वाली लड़की के साथ आप फिल्म बना रहे हैं, कह रहे हैं गाना गा लूंगा।
हम अंतरिक्ष में और वो बाड़ पार करने में लगे हैं- कुमार
उन्होंने कहा कि अभी हमारा एक लाल शुभांशु अंतरिक्ष की सैर पर गया है। एक भारत है जो दिन रात अंतरिक्ष की सीमाओं को पार करने की जुगाड़ में लगा हुआ है। एक आप हैं जो हर वक्त बाड़ (सीमा) पार करने में लगे हुए हैं। इधर कैसे घुसा जाए। हद हो गई ऐसी सोच की।
उन्होंने कहा, देश में हम पीएम, रक्षामंत्री सब के खिलाफ बोलते हैं, पिछली सरकारों की आलोचना भी हुई है। लेकिन वहां (पाकिस्तान) का कलाकार उनकी सरकार के खिलाफ बोलने को तैयार ही नहीं है। तो भाई तुम इतने बेकार हो गए फिर सोचो तो मैं तुमसे दोस्ती कैसे करुं?
सरदार-3 में भारत में नहीं हुई रिलीज
दिलजीत दोसांझ की फिल्म ‘सरदार-3’ में पाकिस्तानी एक्ट्रेस हानिया आमिर के कारण विवादों में है। फिल्म में पाकिस्तानी एक्ट्रेस की मौजूदगी का विरोध हो रहा है। फिल्म भारत में रिलीज नहीं हुई है।
7 मई को भारत ने पाकिस्तान के आतंकी अड्ढों पर ऑपरेशन सिंदूर के तहत कार्रवाई की थी। तब हानिया आमिर ने भारत के खिलाफ नफरत भरी पोस्ट की थी।

