गैर-हिंदू व्लॉगर के मंदिर में वीडियो बनाने से बवाल: मंदिर प्रशासन बोला- अब तालाब अपवित्र…शुद्धिकरण जरूरी, तभी भक्त दोबारा दर्शन करेंगे
Published:
2 min read

व्लॉगर जैस्मिन जाफर बिग बॉस मलयालम-6 का भी हिस्सा रह चुकी हैं।
केरल के गुरुवायूर श्रीकृष्ण मंदिर में सोमवार (25 अगस्त) को गैर-हिंदू महिला व्लॉगर ने पैर धोते हुए वीडियो बना लिया। इसके बाद मंदिर प्रशासन ने तालाब को अपवित्र करार दिया। अब तालाब के शुद्धिकरण का फैसला किया गया है।
रिपोर्ट्स के अनुसार, व्लॉगर जैस्मिन जाफर ने पहले तालाब में पैर धोते हुए एक रील बनाया। फिर उन्होंने 6 दिन बाद वीडियो डिलीट कर दिया और माफी भी मांगी। जैस्मिन ने कहा- मुझे मंदिर के नियमों की जानकारी नहीं थी।
वीडियो के सामने आने पर मंदिर प्रशासन ने कहा- इस घटना से मंदिर की परंपराएं भंग हुईं। हमारा तालाब अशुद्ध हो गया। इस वजह से सोमवार सुबह 5 बजे से दोपहर 12 बजे तक दर्शन पर रोक लगाई गई है। शुद्धिकरण के बाद ही भक्त मंदिर के दर्शन कर पाएंगे। शुद्धिकरण के लिए 6 दिन की सभी पूजा दोबारा करवाई जाएंगी। इसमें कुल 18 पूजा और 18 शिवेली शामिल होंगी। भक्तों से अनुरोध है कि वे इसमें प्रशासन का सहयोग करें।
व्लॉगर के खिलाफ शिकायत दर्ज
मंदिर के एडमिनिस्ट्रेटर ओबी अरुण कुमार ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत में कहा गया- जैस्मिन ने मंदिर की मर्यादा का उल्लंघन किया है। साथ ही उन्होंने हाई कोर्ट के उस आदेश का भी पालन नहीं किया, जिसमें कहा गया था कि मंदिर में फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी पर रोक है।
कौन हैं जैस्मिन
जैस्मिन एक सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर हैं। वे बिग बॉस मलयालम-6 का भी हिस्सा रह चुकी हैं।

