आसिम मुनीर की एटमी धमकी पर कंगना का जवाब: कहा- वो भिखारी सुसाइड बॉम्बर जैसी बात कर रहा
Published:
3 min read

जम्मू कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले में 26 लोग मारे गए थे। इसके बाद भारत ने अप्रैल में 1960 की सिंधु जल संधि समझौता को निलंबित कर दिया था।
एक्ट्रेस और हिमाचल प्रदेश की मंडी से सांसद कंगना रनौत ने पाकिस्तान के आर्मी चीफ आसिम मुनीर को भिखारी सुसाइड बॉम्बर कहा है। दरअसल, कंगना ने आसिम मुनीर के उस बयान की निंदा की है, जिसमें उन्होंने भारत को परमाणु हमले की धमकी दी थी। सोशल मीडिया पर एक पोस्ट को री-शेयर करते हुए कंगना ने लिखा- ये बिल्कुल भिखारी सुसाइड बॉम्बर जैसी बातें कर रहा है।
दरअसल, आसिम मुनीर अमेरिका के दौरे पर हैं। इस दौरान फ्लोरिडा के टाम्पा में पाकिस्तानी-अमेरिकियों को संबोधित करते हुए मुनीर ने भारत को धमकी दी थी। उन्होंने कहा था, अगर भारत के साथ जंग में हमारे अस्तित्व को खतरा हुआ तो हम आधी दुनिया को ले डूबेंगे।
इतना ही नहीं मुनीर ने कहा था कि अगर भारत सिंधु नदी पर बांध बनाने का काम जारी रखता है, तो हम उसे मिसाइलों से उड़ा देंगे।
पहले भी कंगना ने जताई थी चिंता
इससे पहले कंगना ने मई में ऑपरेशन सिंदूर के दौरान भारत-पाक जंग पर चिंता जताई थी। मई में कंगना ने कहा, ‘इस समय देश युद्ध के रास्ते पर खड़ा है। हम सब बहुत नर्वस हैं। हमारी सेना हमारी रक्षा कर रही है, भगवान उनकी रक्षा करें।
उन्हें अपने मिशन में बहुत सफलता मिले। हम सब प्रार्थना कर रहे हैं कि हमारा देश खतरे से दूर रहे और जैसा कहा जाता है, हमें खतरा नहीं है। हम ही खतरा हैं।’
भारत-पाक तनाव कैसे शुरू हुआ
22 अप्रैल को हुए पहलगाम आतंकी हमले के बाद भारत ने ऑपरेशन सिंदूर को अंजाम दिया था। इसमें पाक अधिकृत कश्मीर (POK) और पाकिस्तान में स्थित 9 आतंकी ठिकानों पर हमला किया गया। इस हमले में जैश ए-मोहम्मद का सरगना मसूद अजहर के परिवार के कई सदस्य और साथी मारे गए। 100 से ज्यादा आतंकी ढेर हुए।
जवाब में पाकिस्तान ने भी भारत पर हमला किया, लेकिन उन्हें नाकाम कर दिया गया। इसके बाद भारत ने 9 मई को पाकिस्तान के कई सैन्य ठिकानों पर मिसाइलें दागीं। इससे पाकिस्तान के सैन्य संसाधनों को बहुत नुकसान हुआ। 10 मई को दोनों देशों के बीच सीजफायर हो गया। यह टकराव 4-5 दिनों तक चला। वहीं, 10 मई को सीजफायर के बाद सैन्य टकराव बंद हुआ था।

अब हॉलीवुड में डेब्यू कर सकती हैं कंगना
कंगना के एक्टिंग करियर की बात करें तो वे आखिरी बार फिल्म इमरजेंसी (2025) में नजर आई थीं। खबरें हैं कि वे जल्द ही हॉलीवुड में डेब्यू करने वाली हैं। Variety की रिपोर्ट के मुताबिक, वे हॉरर फिल्म ‘ब्लेस्ड टू बी द इविल’ में दिखाई देंगी। फिल्म की शूटिंग इसी साल न्यूयॉर्क में शुरू हो सकती है।

