स्ट्रे डॉग्स पर SC का फैसला- सेलेब्स बोले- यह मौत की सजा: जाह्नवी कपूर, वरुण धवन और सिद्धार्थ आनंद ने अपोज किया; कहा- शेल्टर में उन्हें खाना कौन देगा
Published:
3 min read

दिल्ली-NCR में डॉग बाइट को लेकर SC सख्त हुआ और आवारा कुत्तों को रिहायशी इलाकों से हटाने का आदेश दिया। SC ने कहा- 8 हफ्तों में 5000 डॉग के लिए शेल्टर बनाएं।
सुप्रीम कोर्ट ने दिल्ली-NCR में सभी आवारा कुत्तों को पकड़कर शेल्टर में भेजने का आदेश दिया है। इस पर कई बॉलीवुड और टीवी सेलेब्स ने नाराजगी जताई। सेलेब्स का कहना है कि यह जानवरों के लिए ‘मौत की सजा’ से कम नहीं हैं। SC को इस आदेश को वापस ले लेना चाहिए।
जाह्नवी कपूर और वरुण धवन ने इंस्टाग्राम स्टोरी पर एक नोट शेयर किया। लिखा- दिक्कतें हैं, लेकिन पूरे जानवरों को पिंजरे में कैद करना कोई ऑप्शन नहीं है। वे इसे खतरा कहते हैं, हम इसे हार्टबीट कहते हैं। आज सुप्रीम कोर्ट कहता है- दिल्ली-एनसीआर की हर गली से हर आवारा कुत्ते को हटाकर बंद कर दो। न धूप, न आजादी, न वो चेहरे जिन्हें वे रोज सुबह देखते हैं।
आगे उन्होंने लिखा- ये सिर्फ ‘स्ट्रे डॉग्स’ नहीं हैं। ये वही हैं जो चाय की दुकान पर बिस्कुट के इंतजार में बैठे रहते हैं, रात में दुकानों के साइलेंट गार्ड बनते हैं, बच्चों के स्कूल से लौटने पर पूंछ हिलाकर वेलकम करते हैं। हां, काटने और सेफ्टी की चिंता है। लेकिन बड़े लेवल पर नसबंदी, वैक्सीनेशन और पब्लिक फीडिंग जोन इसका असली हल हैं। सजा देना और कैद करना नहीं।
कई सेलेब्स ने फैसले का विरोध किया
सिंगर चिन्मयी श्रीपादा ने अपने एक्स हैंडल पर लिखा, ‘मैं इसे सभी कुत्तों के लिए मौत की सजा मानती हूं। लोग हस्की, लैब्राडोर, जर्मन शेफर्ड जैसे कुत्तों को ब्रीडिंग के बाद सड़कों पर छोड़ देते हैं। शेल्टर? भगवान काल भैरव ही उनका न्याय करेंगे।’

वहीं, डायरेक्टर सिद्धार्थ आनंद ने भी एक्स हैंडल पर लिखा- अब कोई दया नहीं बची। शेल्टर में उनका खाना-पानी कौन देगा? सड़क पर तो कुछ इनसान इन बेजुबानों को खाना खिला देते हैं। वहां ये भूख-प्यास से मर जाएंगे। ये मौत का वारंट है। कोई पिटीशन शुरू करें, इस नरसंहार को रोका जाए।

इसके साथ स्टैंड-अप कॉमेडियन वरुण ग्रोवर ने लिखा- स्ट्रे डॉग की समस्या असली है, लेकिन इसे इनसान ने बनाया है। नसबंदी के प्रयासों को सोसायटी हमेशा रोकती रही हैं और अब कह रही हैं कि इन्हें शेल्टर भेजो, जो असल में हैं ही नहीं।
कॉमेडियन-एक्टर वीर दास ने भी SC के इस फैसले का विरोध किया है। उन्होंने अपने पालतू कुत्तों की तस्वीरें शेयर की। साथ ही दिल्लीवासियों से अपील करते हुए लिखा- कृपया सड़कों से डॉग्स को गोद लें। ये बेहद हेल्दी और कम देखभाल वाले होते हैं। जब तक अदालत में अपील चल रही हैं, हमारी इंसानियत तुरंत सक्रिय होनी चाहिए। अपना योगदान दें, चाहे छोटा हो या बड़ा, सब मिलकर फर्क लाते हैं।
क्या है पूरा मामला
दरअसल, सुप्रीम कोर्ट ने सोमवार को दिल्ली-NCR में बढ़ते डॉग बाइट मामलों पर स्वत: संज्ञान लेते हुए बड़ा आदेश दिया। कोर्ट ने कहा कि सभी आवारा कुत्तों को रिहायशी इलाकों से हटाकर शेल्टर भेजा जाए। जो भी इस प्रक्रिया में बाधा डालेगा, उसके खिलाफ कोर्ट की अवमानना की कार्रवाई होगी।
कोर्ट ने दिल्ली सरकार, MCD और NDMC को 8 हफ्तों में 5,000 डॉग के लिए शेल्टर होम बनाने का ऑर्डर जारी किया है। कोर्ट ने कहा- यह जनता की सुरक्षा का मामला है, किसी भी इमोशनल दलील को इसमें जगह नहीं दी जाएगी।

